गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद पर डीजे व पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध, सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सख्त
ban on DJ and firecrackers on Ganesh Visarjan
रायपुर। आगामी गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। इन दोनों त्योहारों के दौरान डीजे और पटाखों के इस्तेमाल पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। साथ ही, शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं।
सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीएम उमाशंकर बंदे और एएसपी लखन पटले ने स्पष्ट किया कि त्योहार परंपराओं और उत्साह के साथ मनाए जाएं, लेकिन शांति और भाईचारे को प्राथमिकता देना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में यह भी तय हुआ कि जुलूस के दौरान समय का विशेष ध्यान रखा जाएगा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए रूट तय कर लिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था
-
हर चौक-चौराहे पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
-
हुड़दंग करने वालों और शांति भंग करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
-
सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
-
सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में शांति समिति व नागरिकों से समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
एएसपी लखन पटले ने साफ कहा कि त्योहारों के दौरान डीजे और पटाखों का उपयोग पूरी तरह बैन रहेगा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने अपील की है कि लोग गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद को सौहार्दपूर्ण माहौल में और भाईचारे के साथ मनाएं।
