Afghanistan Earthquake Update: अफगानिस्तान में भूकंप का तांडव, 24 घंटे में तीसरी बार हिली धरती, हर तरफ चीख-पुकार

Afghanistan Earthquake Update

Afghanistan Earthquake Update

Afghanistan Earthquake Update: अफगानिस्तान में एक बार फिर धरती कांपी और लोगों में दहशत फैल गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक शुक्रवार तड़के 3 बजकर 16 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस बार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.9 दर्ज की गई। इससे पहले गुरुवार देर रात 6.1 तीव्रता का और उससे पहले 4.8 तीव्रता का भूकंप आया था।

2200 से अधिक लोगों की मौत

अभी हाल ही में 31 अगस्त की रात कुनार प्रांत में आए 6.0 तीव्रता के भूकंप ने तबाही मचा दी थी। इस आपदा में मौत का आंकड़ा 2200 से ज्यादा पहुंच चुका है। मिट्टी, कच्ची ईंटों और लकड़ी से बने घर तेज झटकों के सामने टिक नहीं पाए और ढहकर मलबे में बदल गए। कई गांव पूरी तरह बर्बाद हो गए और हजारों लोग बेघर हो गए। सबसे ज़्यादा नुकसान कुनार क्षेत्र में दर्ज किया गया, जहां की आबादी पहाड़ी घाटियों में बसती है।

राहत और बचाव कार्य जारी

तालिबान के प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने बताया कि राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। प्रभावित परिवारों के लिए तंबुओं की व्यवस्था की गई है और उन्हें प्राथमिक चिकित्सा व आवश्यक सामान उपलब्ध कराया जा रहा है। हालांकि खराब रास्तों और आर्थिक कमी के चलते राहत अभियान बाधित हो रहा है। इसी कारण अंतरराष्ट्रीय संगठनों और अन्य देशों से और अधिक मदद की गुहार लगाई जा रही है।

पाकिस्तान भी भूकंप से कांपा

केवल अफगानिस्तान ही नहीं, पड़ोसी पाकिस्तान भी हाल ही में भूकंप के झटकों से दहल गया। 25 अगस्त को पाकिस्तान के उत्तरी क्षेत्रों में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया, जिसकी गूंज रावलपिंडी, इस्लामाबाद और खैबर पख्तूनख्वा तक महसूस की गई। अचानक धरती हिलते ही लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। इससे पहले 19 और 20 अगस्त को भी यहां 3.7 और 5.5 तीव्रता के भूकंप दर्ज किए गए थे।

भूकंप की संवेदनशीलता

विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान दोनों ही क्षेत्र भारतीय और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों की सीमा पर स्थित हैं। यही वजह है कि ये क्षेत्र लगातार भूकंप के खतरों से जूझते रहते हैं और यहां बड़ी आपदाओं का जोखिम हमेशा बना रहता है।

Youthwings