Chhattisgarh Morning News: बस्तर में दीपक बैज का दौरा, विदेश में सीएम साय का आखिरी दिन, कृषक सम्मेलन और BJP का सेवा पखवाड़ा अभियान

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: आज छत्तीसगढ़ में कई अहम गतिविधियां होने वाली हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विदेश दौरे का यह 8वाँ और अंतिम दिन है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बस्तर दौरे पर रहेंगे और बाढ़ प्रभावितों से मुलाकात करेंगे। दूसरी ओर, प्रदेश में भगवान बलराम जयंती किसान दिवस के रूप में मनाई जाएगी, जिसके तहत राज्य स्तरीय कृषक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही, बीजेपी सेवा पखवाड़ा अभियान की तैयारियों पर दिल्ली में बैठक आयोजित की गई है।

दक्षिण कोरिया में सीएम साय का अंतिम दिन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने विदेश दौरे के अंतिम दिन दक्षिण कोरिया में हैं। आज वे सियोल में आयोजित गोलमेज बैठक में शामिल होंगे। बैठक में निवेश, कौशल विकास और तकनीकी हस्तांतरण पर चर्चा होगी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री साय खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, स्टील और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रण देंगे।
बता दें कि, इससे पहले उन्होंने इंटरनेशनल ट्रेड एसोसिएशन के अधिकारियों से मुलाकात कर कई अहम विषयों पर चर्चा की थी।

बलराम जयंती पर कृषक सम्मेलन

प्रदेश में आज भगवान बलराम जयंती किसान दिवस के रूप में मनाई जाएगी। इस अवसर पर राजधानी रायपुर के कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम में दोपहर 12 बजे राज्य स्तरीय कृषक सम्मेलन आयोजित होगा।
इस सम्मेलन में प्राकृतिक खेती, गौ-आधारित कृषि व्यवसाय और तिलहन उत्पादन जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। कृषि मंत्री रामविचार नेताम कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। वहीं, वन मंत्री केदार कश्यप, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत, सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन भी शिरकत करेंगे।

बस्तर दौरे पर दीपक बैज

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज बस्तर का दौरा करेंगे। बिहार दौरा रद्द करने के बाद वे सीधे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंचेंगे। हाल की भारी बारिश के कारण बस्तर में कई इलाकों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। ऐसे में बैज स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे।

सेवा पखवाड़ा अभियान पर दिल्ली में बैठक

भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में सेवा पखवाड़ा अभियान चलाएगी। इसको लेकर दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। छत्तीसगढ़ से प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया, प्रदेश मंत्री जयंती पटेल, हर्षिता पांडेय और प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक अवधेश चंदेश शामिल हुए।

Youthwings