रामलला का हार और चरण पादुका कहां हैं? SIT जांच में उलझी नई गुत्थी
SIT ने पुजारियों और चंपत राय के ड्राइवर से की पूछताछ, हार को बेंगलुरु भेजने का दावा
अयोध्या। अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा मामले में SIT की जांच जारी है। जांच के बीच रामलला का हार और चरण पादुका विवाद अब जांच के घेरे में आ गया है। जांच के दौरान टीम को रामलला का हार और पादुका नहीं मिले। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्राण प्रतिष्ठा के समय जौनपुर के विश्वकर्मा परिवार की ओर से रामलला को उपहार में दिए गए बहुमूल्य हार और चरण पादुका की कोई स्पष्ट रसीद या रिकॉर्ड नहीं मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, जांच के चौथे दिन SIT ने हार और चरण पादुका का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी। इस मामले में टीम ने रामशंकर यादव टिन्नू (चंपत राय का ड्राइवर), कृष्णदेव तिवारी और रामलला के चार पुजारियों से पूछताछ की।
पुजारी और ड्राइवर के बयानों में उलझा मामला
पुजारी मोहित पांडेय ने SIT को बताया कि उन्होंने हार पहनाने के बाद टिन्नू को वापस कर दिया था। वहीं, टिन्नू का दावा है कि हार को ईंट के रूप में गलाने के लिए बेंगलुरु भेजा गया था। अब SIT इस बहुमूल्य हार और चरण पादुका की असली लोकेशन तलाश रही है।
गौरतलब है कि प्राण प्रतिष्ठा के दौरान जौनपुर के विश्वकर्मा परिवार ने रामलला को सोने का बहुमूल्य हार और चरण पादुका भेंट की थी। इस भेंट की कोई औपचारिक प्रविष्टि नहीं होना जांच का केंद्र बिंदु बन गया है।
एसआईटी जांच पर बढ़ते सवाल
बता दें कि SIT की जांच को लेकर लगातार कई बातें सामने आ रही हैं। वहीं मामला सामने आने के बाद से मंदिर और ट्रस्ट से जुड़े लोग भी व्यवस्था में लगातार कुछ न कुछ कमी निकाल रहे हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने कहा है कि डोनेशन के रुपयों की काउंटिंग के लिए जो निगरानी और दिशा-निर्देश तय किए गए थे, उनका सही तरीके से पालन नहीं हुआ।
नृपेंद्र मिश्रा ने बड़ा दावा करते हुए कहा, “मुझे ऐसा लगता है कि निगरानी में दिए गए निर्देशों का अनुपालन 10% से ज्यादा नहीं हुआ।” यह अब एक बड़े घोटाले का रूप ले सकता है।
फिलहाल, SIT रामलला के हार और चरण पादुका के मामले में जांच जारी है। उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रशासन भी इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं। अब देखना यह है कि SIT इस रहस्यमयी गायब हार और पादुका का पता कैसे लगाती है और क्या इस मामले में कोई बड़ा खुलासा होता है।
