WhatsApp यूजर्स की हुई मौज! ग्रुप में जुड़ते ही पढ़ सकेंगे पुरानी चैट, आए 4 धांसू फीचर्स
WhatsApp ने ग्रुप चैट का अनुभव बदलने के लिए चार नए फीचर्स रोलआउट किए हैं। अब जरूरी मैसेज हमेशा पिन कर सकेंगे, नए मेंबर्स को पुरानी बातचीत दिखा सकेंगे और हर ग्रुप के लिए अलग स्टेटस भी लगा सकेंगे।
WhatsApp के 4 नए फीचर्स से बदल जाएगा ग्रुप चैट का अंदाज
WhatsApp इस्तेमाल करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। कंपनी ने ग्रुप चैट को पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक बनाने के लिए चार नए फीचर्स पेश किए हैं। इन फीचर्स की मदद से अब ग्रुप में पुरानी बातचीत समझना, जरूरी मैसेज ढूंढना और अलग-अलग ग्रुप के लिए स्टेटस शेयर करना आसान होगा।
सबसे खास फीचर नए मेंबर्स से जुड़ा है। अब किसी WhatsApp ग्रुप में नया सदस्य जुड़ने पर उसे पुरानी बातचीत के जरूरी मैसेज भी शेयर किए जा सकेंगे। यानी ग्रुप में जुड़ने के बाद उसे हर बात दोबारा पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
फिलहाल इन फीचर्स का रोलआउट शुरू किया गया है। ऐसे में सभी यूजर्स तक इन्हें पहुंचने में कुछ समय लग सकता है।
1. अब हमेशा के लिए पिन कर सकेंगे जरूरी मैसेज
WhatsApp ग्रुप में कई बार जरूरी जानकारी कुछ ही मिनटों में पुराने मैसेज के बीच दब जाती है। ऐसे में उसे ढूंढना मुश्किल हो जाता है।
इस परेशानी को दूर करने के लिए कंपनी ने मैसेज पिन करने के फीचर को बेहतर बनाया है। अब यूजर्स जरूरी मैसेज को बिना टाइम लिमिट के पिन कर सकेंगे। इससे ग्रुप के सदस्य महत्वपूर्ण जानकारी को आसानी से देख पाएंगे।
2. नए मेंबर्स भी पढ़ सकेंगे पुरानी चैट
WhatsApp का यह फीचर सबसे ज्यादा काम आने वाला है। अक्सर किसी ऑफिस, परिवार या दोस्तों के ग्रुप में नया सदस्य जुड़ता है, तो उसे पहले हुई बातचीत की जानकारी नहीं होती।
अब ग्रुप एडमिन पुराने मैसेज में से जरूरी मैसेज चुनकर नए सदस्य के साथ शेयर कर सकेंगे। इससे नए मेंबर को ग्रुप की पिछली बातचीत का संदर्भ समझने में आसानी होगी।
यानी अब ग्रुप में नया जुड़ने वाला व्यक्ति भी जरूरी पुरानी जानकारी से अपडेट रह सकेगा।
3. हर WhatsApp ग्रुप के लिए लगा सकेंगे अलग स्टेटस
WhatsApp का तीसरा फीचर भी काफी दिलचस्प है। अब यूजर्स किसी खास ग्रुप के लिए अलग स्टेटस लगा सकेंगे।
उदाहरण के लिए, अगर आपका ऑफिस ग्रुप और क्रिकेट दोस्तों का अलग ग्रुप है, तो आप दोनों के लिए अलग-अलग अपडेट शेयर कर सकते हैं।
इस स्टेटस को संबंधित ग्रुप के सदस्य ही देख और उस पर रिप्लाई कर सकेंगे। यह स्टेटस सामान्य अपडेट की तरह 24 घंटे तक रहेगा।
4. ग्रुप में जरूरी मैसेज ढूंढना होगा आसान
WhatsApp का चौथा फीचर लंबे ग्रुप में चैट करने वालों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
अब यूजर्स ग्रुप चैट में अलग-अलग तरह के मैसेज फिल्टर कर सकेंगे। इसमें अपने मैसेज, मेंशन किए गए मैसेज और खास जवाब वाले मैसेज को अलग-अलग देखने की सुविधा मिलेगी।
इससे सैकड़ों मैसेज के बीच जरूरी बातचीत ढूंढने में समय बचेगा।
कब मिलेंगे WhatsApp के ये चारों फीचर्स?
WhatsApp ने इन चारों फीचर्स का रोलआउट शुरू कर दिया है। हालांकि, सभी यूजर्स को ये सुविधाएं एक साथ नहीं मिलेंगी। धीरे-धीरे इन्हें अलग-अलग यूजर्स तक पहुंचाया जाएगा।
अगर आपके WhatsApp में अभी ये फीचर्स नहीं दिख रहे हैं, तो ऐप को अपडेट करके चेक कर सकते हैं।
अब देखना होगा कि WhatsApp के ये नए फीचर्स ग्रुप चैटिंग को कितना आसान बनाते हैं।
