सागर शराब कांड में CM मोहन यादव का एक्शन: सहायक आबकारी आयुक्त समेत 3 अफसर सस्पेंड, एक मुख्यालय अटैच!
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले की बंडा तहसील में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद शासन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने के आरोप में आबकारी विभाग के 3 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक वरिष्ठ अधिकारी को जिले से हटाकर मुख्यालय अटैच किया गया है।
3 अधिकारी निलंबित, उपायुक्त ग्वालियर अटैच
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रथम दृष्टया जिम्मेदार पाए जाने पर सागर की सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा वृत्त की आबकारी उप-निरीक्षक रोशनी उरेती को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा, उपायुक्त एवं संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को सागर से हटाकर ग्वालियर आबकारी मुख्यालय अटैच कर दिया गया है। इस तरह कुल 4 वरिष्ठ अधिकारियों पर कार्रवाई की गाज गिरी है।
मौतों का आंकड़ा पहुंचा 10 के पार
यह दर्दनाक हादसा बंडा तहसील के गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांवों में सामने आया है। शुरुआती प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जहरीली शराब के सेवन से अब तक 10 लोगों की मौत दर्ज की गई है, जबकि स्थानीय भाजपा विधायक ने मृतकों की संख्या 11 होने की बात कही है। कई अन्य लोग गंभीर हालत में अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जांच की आंच केवल फील्ड अफसरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अवैध शराब सिंडिकेट से जुड़े हर व्यक्ति के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
