कैलाश यात्रा पर जा रहे ? तो पहले पढ़ लें MEA की नई एडवाइजरी
विदेश मंत्रालय ने निजी टूर ऑपरेटरों से यात्रा करने वालों को दी सलाह, कहा- बिना दस्तावेज यात्रा शुरू न करें
नई दिल्ली। कैलाश मानसरोवर यात्रा शुरू होने से पहले भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। मंत्रालय ने उन भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइज़री जारी की है जो प्राइवेट टूर ऑपरेटरों के जरिए कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे हैं। यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब नेपाल में 52 भक्त वीजा और परमिट न होने के कारण फंस गए हैं।
MEA ने क्या कहा?
विदेश मंत्रालय ने सलाह दी है कि भक्त तब तक भारत से अपनी यात्रा शुरू न करें जब तक सभी जरूरी यात्रा दस्तावेज न मिल जाएं। बिना दस्तावेज या उनके मिलने की उम्मीद में यात्रा शुरू करने से फंसने का खतरा बढ़ जाता है। यात्रियों को यह भी पक्का करने की सलाह दी गई है कि उनका टूर ऑपरेटर सही ढंग से रजिस्टर्ड और अधिकृत हो।
नेपाल में क्यों फंसे 52 भक्त?
दरअसल, कैलाश मानसरोवर की पवित्र यात्रा पर निकले लगभग 52 भारतीय भक्त जरूरी कागजात न होने के कारण नेपाल की राजधानी काठमांडू में फंस गए हैं। ये सभी 20 जून को कैलाश मानसरोवर यात्रा पर निकले थे। जत्था नाथू ला दर्रे से भारत-चीन सीमा पार करके चीन में दाखिल हुए थे, लेकिन जरूरी कागजात नहीं होने के कारण चीन ने आगे जाने से रोक दिया।
दावा है कि चीन की सरकार ने इन्हें यात्रा के लिए आवश्यक परमिट जारी कर दिए थे और शुल्क भी वसूल लिया था, लेकिन अंतिम समय में उनके वीजा रोक दिए गए। पिछले चार दिनों से ये सभी यात्री काठमांडू में वीजा का इंतजार कर रहे हैं। काठमांडू में फंसे ये सभी यात्री पुणे के निवासी हैं।
सुप्रिया सुले ने उठाया मामला
शनिवार को NCP (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने यह मामला उठाया। उन्होंने विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावासों से दखल देने और फंसे हुए तीर्थयात्रियों को तुरंत मदद पहुंचाने की अपील की। सुले ने X पर पोस्ट कर कहा कि कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर निकले 52 भारतीय नागरिक काठमांडू में फंसे हैं और उन्हें तत्काल मदद की जरूरत है। उन्होंने विदेश मंत्री और नेपाल एवं चीन में मौजूद भारतीय दूतावासों से भी दखल देने का अनुरोध किया।
4 जुलाई से शुरू होगी यात्रा
बता दें कि इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा उत्तराखंड के रास्ते 4 जुलाई से शुरू होगी। MEA की इस चेतावनी के बाद यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने सभी दस्तावेज पहले से पूरे कर लें और किसी भी अनधिकृत टूर ऑपरेटर से बचें।
Read more-
New Flight Delhi-Raipur-Delhi: दिल्ली-रायपुर के बीच इंडिगो की नई उड़ान, 26 अक्टूबर से होगी शुरू
