CBSE बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां शुरू: जिन स्कूलों में CCTV नहीं, उन्हें परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा
CBSE Board Exam
रायपुर: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा कर दी है। ये परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। इस बार देश और विदेश के करीब 45 लाख छात्र इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए बोर्ड ने नए सुरक्षा मानक लागू किए हैं।
हर एग्जाम सेंटर पर CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य
CBSE ने सभी राज्यों में परीक्षा केंद्रों के लिए नई CCTV पॉलिसी लागू की है। इसके तहत हर एग्जाम सेंटर पर लाइव ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। जिन स्कूलों में CCTV कैमरे नहीं होंगे, उन्हें परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों को CCTV इंस्टॉल करने के लिए अपनी सहमति देनी होगी।
एग्जाम की लाइव कवरेज होगी रिकॉर्ड
CBSE के नियमों के अनुसार, सभी एंट्री और एग्जिट गेट, क्लासरूम, गलियारे और लैब्स में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। परीक्षा के दौरान हर छात्र की लाइव कवरेज होगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनुचित व्यवहार पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। जरूरत पड़ने पर रिकॉर्डिंग की जांच भी की जा सकेगी।
छात्रों को दी जाएगी CCTV की जानकारी
बोर्ड ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा शुरू होने से पहले छात्रों को CCTV कैमरों की जानकारी दी जाए। इसके लिए नोटिस बोर्ड, ग्राफिक्स, ओरिएंटेशन सेशन और छात्र पुस्तिकाओं का उपयोग किया जाएगा। बोर्ड का उद्देश्य है कि छात्र पारदर्शी माहौल में परीक्षा दें और अनुशासन के साथ बेहतर प्रदर्शन करें।
डेटशीट समय से पहले जारी की गई
CBSE ने इस बार परीक्षा की डेटशीट रिकॉर्ड समय में, यानी परीक्षा से 110 दिन पहले जारी कर दी है।
कक्षा 10वीं परीक्षा: 17 फरवरी से 10 मार्च 2026 तक
कक्षा 12वीं परीक्षा: 17 फरवरी से 9 अप्रैल 2026 तक
परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे और 1:30 बजे तक दो शिफ्ट में आयोजित होगी। छात्र सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरी डेटशीट डाउनलोड कर सकते हैं।
