दिल्ली धमाके में 12 की मौत: कार में था आतंकी उमर ! , लाल किला मेट्रो स्टेशन 13 नवंबर तक बंद, PM मोदी की पहली प्रतिक्रिया..

देश की राजधानी दिल्ली सोमवार (10 नवंबर) की शाम एक जोरदार धमाके से दहल उठी। लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक i20 कार में ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के कई वाहन और मेट्रो स्टेशन को भी नुकसान पहुंचा। इस हादसे में 12 लोगों की मौत और 26 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में जारी है।

मेट्रो स्टेशन 13 नवंबर तक बंद, रेड अलर्ट घोषित

ब्लास्ट के बाद दिल्ली पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा कारणों से लाल किला मेट्रो स्टेशन को 13 नवंबर तक बंद कर दिया गया है। धमाके के बाद देशभर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम बंगाल के हावड़ा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी ने सघन तलाशी अभियान चलाया। स्निफर डॉग्स की मदद से गाड़ियों और यात्रियों की जांच की जा रही है। हावड़ा ब्रिज पर भी कड़ी सुरक्षा तैनात की गई है। हावड़ा आरपीएफ के सीनियर कमिश्नर रघुवीर चौका ने कहा, “हम पूरी तरह अलर्ट हैं और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।” वहीं, सिटी पुलिस कमिश्नर प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने शहर के विभिन्न इलाकों में नाका चेकिंग का जायजा लिया।

आतंकी डॉ. उमर पर गहरा शक

जांच एजेंसियों को शक है कि धमाके के वक्त कार में आतंकी डॉ. उमर मौजूद था। सूत्रों के मुताबिक, ब्लास्ट में इस्तेमाल हुई i20 कार वही चला रहा था। पार्किंग के सीसीटीवी फुटेज में भी उमर जैसा व्यक्ति देखा गया है। जांच में सामने आया है कि फरीदाबाद मॉड्यूल के खुलासे के बाद उमर को पता चल गया था कि एजेंसियां उसकी तलाश में हैं। इसी वजह से वह भागने की फिराक में था। बताया जा रहा है कि वह करीब तीन घंटे तक लाल किले के पास पार्किंग में रुका और फिर कार को बाहर निकालकर भाग गया।

पीएम मोदी बोले – “षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान में अपने संबोधन के दौरान दिल्ली धमाके पर दुख जताया। उन्होंने कहा, “मैं आज यहां बहुत भारी मन से आया हूं। कल शाम दिल्ली में जो भयावह घटना हुई, उसने देश के हर नागरिक को व्यथित कर दिया है। मैं पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा हूं। हमारी जांच एजेंसियां पूरी गंभीरता से इस षड्यंत्र की तह तक जाएंगी और इसके पीछे के लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।”

 

Youthwings