Israel Hamas War: गाज़ा में इज़रायली हवाई हमला, रातभर में कम से कम 32 लोगों की मौत
Israel Hamas War
Israel Hamas War: इज़रायल और हमास के बीच जारी जंग में गाज़ा पर इज़रायल ने शनिवार तड़के जबरदस्त हवाई हमला किया। गाज़ा के स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, रातभर में कम से कम 32 लोगों की मौत हुई है। यह हमला ऐसे समय हुआ जब अंतरराष्ट्रीय समुदाय युद्धविराम की अपील कर रहा है, लेकिन इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संयुक्त राष्ट्र में कहा कि उनका देश हमास के खिलाफ “अंतिम लड़ाई” लड़ना चाहता है।
नेतन्याहू के भाषण के बाद हमले
शनिवार सुबह हुए हमलों में मध्य और उत्तरी गाज़ा सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। नुसेरात शरणार्थी कैंप में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। तुर्फा इलाके में हुए एक अन्य हवाई हमले में 11 लोग मारे गए, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे। शिफा अस्पताल ने बताया कि शती शरणार्थी शिविर में 4 लोगों की जान गई। अस्पतालों में दवाओं, खाने और ईंधन की भारी कमी है, कई क्लीनिक और दो अस्पताल बंद हो चुके हैं।
अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ा
दुनिया के कई देशों ने हाल ही में फिलिस्तीन को स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता दी है और इज़रायल से युद्ध रोकने की अपील की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका संघर्ष कम करने और बंधकों की रिहाई के लिए समझौते की दिशा में काम कर रहा है। सोमवार को ट्रंप और नेतन्याहू की मुलाकात तय है।
गाज़ा में मानवीय संकट
लगातार जारी हमलों से गाज़ा में हालात बेहद खराब हैं। करीब 3 लाख लोग क्षेत्र छोड़ चुके हैं, लेकिन लगभग 7 लाख लोग अब भी फंसे हैं। डॉक्टर्स विदाउट बॉर्डर्स ने बताया कि उनके स्टाफ की सुरक्षा खतरे में है और कई डॉक्टरों व नर्सों को अस्पताल छोड़ना पड़ा है।
मौत और तबाही के आंकड़े
गाज़ा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 7 अक्टूबर 2023 से शुरू हुए इस संघर्ष में अब तक 65,000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और 1.67 लाख से अधिक घायल हैं। मंत्रालय का कहना है कि मरने वालों में लगभग आधी संख्या महिलाओं और बच्चों की है।
