Zubeen Garg Death Reason: जुबीन गर्ग की मौत का सच, हार्ट अटैक नहीं, डेथ सर्टिफिकेट में सामने आई नई वजह
Zubeen Garg Death Reason
गुवाहाटी। Zubeen Garg Death Reason: ‘या अली’ फेम मशहूर सिंगर और एक्टर जुबीन गर्ग की मौत को लेकर अब आधिकारिक खुलासा हो गया है। शुरुआती रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि 19 सितंबर को उनका निधन हार्ट अटैक से हुआ, लेकिन सिंगापुर से जारी डेथ सर्टिफिकेट ने इस धारणा को गलत साबित कर दिया।
सिंगापुर उच्चायोग ने जारी किया प्रमाणपत्र
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सिंगापुर उच्चायोग और वहां की उच्च न्यायालय ने जुबीन गर्ग का मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर दिया है। इसमें उनकी मौत का कारण “डूबना” (Drowning) बताया गया है। सरमा ने कहा, “जुबीन गर्ग का निधन सिंगापुर में हुआ था, इसलिए इस मामले की जांच वहां की पुलिस करेगी। असम सरकार सिर्फ साजिश से जुड़े आरोपों की जांच करेगी।”
मैनेजर और आयोजक पर 54 एफआईआर
इससे पहले जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल (NEIF) के संस्थापक श्यामकानु महंत के खिलाफ 54 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। शिकायतकर्ताओं के बयान भी पुलिस ने दर्ज कर लिए हैं और मामला सीआईडी को सौंप दिया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जुबीन की पत्नी गरिमा गर्ग ने भी मैनेजर सिद्धार्थ का समर्थन किया है और उनसे गिरफ्तारी न करने की अपील की है।
सोशल मीडिया अफवाहों से दूर रहने की अपील
सीएम सरमा ने जनता से सोशल मीडिया पर फैल रही साजिश की बातों में न पड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिलहाल सरकार की प्राथमिकता जुबीन गर्ग को सम्मानजनक अंतिम विदाई देना है। असम सरकार ने घोषणा की है कि गायक का अंतिम संस्कार 23 सितंबर को राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
जुबीन गर्ग की असम और पूरे देश में जबरदस्त लोकप्रियता रही है। उनकी असामयिक मौत से संगीत प्रेमियों में शोक की लहर है, लेकिन अब आधिकारिक रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि उनकी मौत हार्ट अटैक से नहीं बल्कि डूबने से हुई थी।
