‘Mirzapur: The Movie’ की रिलीज डेट का ऐलान, इस दिन सिनेमाघरों में लौटेगा कालीन भैया का जलवा
मुंबई। भारत की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। अब यह चर्चित फ्रैंचाइजी बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
बताया जा रहा है कि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में पहले से ज्यादा रॉ और दमदार अंदाज देखने को मिलेगा। फिल्म मिर्जापुर यूनिवर्स की एक नई और अनसुनी कहानी को दर्शकों के सामने पेश करेगी।
स्टार कास्ट में कई दमदार नाम
फिल्म में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया के किरदार में नजर आएंगे, जबकि अली फज़ल गुड्डू पंडित की भूमिका में दिखेंगे। खास बात यह है कि दिव्येंदु के मुन्ना भैया की भी बहुप्रतीक्षित वापसी हो रही है।
इसके अलावा फिल्म में जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा और सोनल चौहान सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
निर्माण और निर्देशन
फिल्म की कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। एक्सल एंटरटेनमेंट और अमेजन MGM स्टूडियोज के बैनर तले बन रही इस फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ के सिनेमाघरों में आने की घोषणा के बाद फैंस में एक बार फिर उत्साह बढ़ गया है।
