रायपुर में सनी लियोनी के कार्यक्रम का विरोध, बजरंग दल ने जताई आपत्ति

रायपुर। राजधानी रायपुर में अभिनेत्री सनी लियोनी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। बजरंग दल ने सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यक्रम का खुला विरोध करते हुए आयोजकों को चेतावनी दी है।

बजरंग दल के जिला संयोजक रवि वाधवानी ने एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि रायपुर में “अश्लील फिल्म अभिनेत्री” को बुलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने अपने संदेश में छत्तीसगढ़ को भगवान राम का ननिहाल बताते हुए कहा कि यहां किसी भी प्रकार की अश्लीलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

“कार्यक्रम नहीं होने देंगे”

लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत में रवि वाधवानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक पवित्र भूमि है और ऐसे कार्यक्रम भारतीय संस्कृति व सामाजिक मूल्यों के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी कुछ कार्यक्रमों से प्रदेश का माहौल प्रभावित हुआ है।

वाधवानी ने कहा कि 22 फरवरी को प्रस्तावित इस कार्यक्रम का किसी भी स्थिति में विरोध किया जाएगा और इसे आयोजित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या केवल आर्थिक लाभ के लिए इस तरह के आयोजन किए जा रहे हैं।

22 फरवरी को प्रस्तावित है कार्यक्रम

गौरतलब है कि 22 फरवरी को रायपुर में सनी लियोनी का एक कार्यक्रम आयोजित होना प्रस्तावित है। हालांकि, इसे लेकर अब विवाद गहराता नजर आ रहा है। फिलहाल प्रशासन या आयोजकों की ओर से इस विरोध पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Youthwings