Arijit Singh Retirement: अरिजीत सिंह ने करियर के पीक पर क्यों छोड़ी प्लेबैक सिंगिंग? सिंगर ने खुद बताई रिटायरमेंट की असली वजह

Arijit Singh Retirement: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने महज 38 साल की उम्र में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट लेने का ऐलान कर अपने फैंस को चौंका दिया है। करियर के पीक पर लिया गया यह फैसला बीते कुछ दिनों से लगातार चर्चा में बना हुआ था। अब इस पर खुद अरिजीत सिंह ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए रिटायरमेंट की असली वजह सामने रखी है।

अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने की घोषणा की थी। इस पोस्ट के सामने आते ही उनके फैंस भावुक हो गए और हर कोई जानना चाहता था कि दो-दो नेशनल अवॉर्ड जीत चुके और सबसे ज्यादा फीस लेने वाले सिंगर्स में शुमार अरिजीत ने इतना बड़ा फैसला आखिर क्यों लिया।

अरिजीत सिंह ने खुद बताई वजह

सोशल मीडिया पर अरिजीत सिंह के नाम से एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसे उनके पर्सनल X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट से साझा किया गया बताया जा रहा है। इस पोस्ट में अरिजीत ने लिखा कि प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने के पीछे कोई एक वजह नहीं, बल्कि कई कारण हैं।

उन्होंने लिखा, “मैं चीजों से बहुत जल्दी बोर हो जाता हूं। एक ही तरह के गानों और अरेंजमेंट्स को बार-बार दोहराना मेरे लिए मुश्किल हो गया था। सच कहूं तो मैं इससे बोर हो चुका था।”

पोस्ट में आगे उन्होंने कहा कि वह अब कुछ अलग और नया म्यूजिक करना चाहते हैं, जिससे उन्हें दोबारा जीने और सीखने का मौका मिले। उन्होंने यह भी लिखा कि वह नए और दूसरे सिंगर्स को सुनना चाहते हैं, जो उन्हें असली मोटिवेशन दें।

रिटायरमेंट अनाउंसमेंट में क्या लिखा था?

सलमान खान की फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ के गाने के रिलीज के एक दिन बाद अरिजीत सिंह ने रिटायरमेंट की घोषणा की थी। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा था,

“आप सभी को इतने सालों तक मिले प्यार के लिए धन्यवाद। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि अब मैं कोई नया प्लेबैक असाइनमेंट नहीं लूंगा। यह सफर शानदार रहा।”

उन्होंने यह भी साफ किया कि वह म्यूजिक बनाना कभी नहीं छोड़ेंगे। अरिजीत ने लिखा कि आने वाले समय में वह एक कलाकार के तौर पर सीखते रहेंगे और अपने पुराने कमिटमेंट्स को पूरा करेंगे, जिनके गाने फैंस को आगे सुनने को मिल सकते हैं।

Youthwings