Varun Dhawan Metro Controversy: मुंबई मेट्रो में वरुण धवन का स्टंट पड़ा भारी, पुल-अप्स करते वीडियो पर मचा विवाद
Varun Dhawan Metro Controversy: इन दिनों अपनी नई वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की शानदार सफलता का जश्न मना रहे अभिनेता वरुण धवन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हालांकि इस बार वजह उनकी फिल्म नहीं, बल्कि मुंबई मेट्रो के अंदर किया गया एक स्टंट है, जिसने उन्हें विवादों में ला खड़ा किया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में वरुण धवन को मुंबई मेट्रो के कोच के अंदर लोहे की रॉड से लटककर पुल-अप्स करते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान कोच में आम यात्री भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि शनिवार को भारी ट्रैफिक से बचने के लिए वरुण मेट्रो से सफर कर रहे थे और अचानक एक थिएटर पहुंचे थे। उन्होंने मेट्रो के अंदर से खुद एक वीडियो शेयर कर फैन्स से पूछा था कि वह किस सिनेमा हॉल जा रहे हैं।
इसके कुछ ही समय बाद ऐसे वीडियो सामने आए, जिनमें वरुण मेट्रो के अंदर एक्सरसाइज करते नजर आए। वीडियो वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया।
मेट्रो प्रशासन ने जारी किया सेफ्टी मैसेज
मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (MMMOCL) ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर वही वीडियो शेयर करते हुए एक सख्त लेकिन व्यंग्यात्मक सेफ्टी मैसेज जारी किया।
कैप्शन में लिखा गया, “इस वीडियो के साथ आपकी एक्शन फिल्मों की तरह एक डिस्क्लेमर होना चाहिए था, वरुण धवन। कृपया महा मुंबई मेट्रो में ऐसा करने की कोशिश न करें। हमें पता है कि दोस्तों के साथ मेट्रो में घूमना अच्छा लगता है, लेकिन ये हैंडल्स लटकने के लिए नहीं बने हैं।”
मेट्रो प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियां मेट्रो रेलवे (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) एक्ट, 2002 के तहत अपराध की श्रेणी में आती हैं, जिन पर जुर्माना और गंभीर मामलों में जेल की सजा तक हो सकती है।
सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए वरुण
इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने मेट्रो प्रशासन की जमकर तारीफ की। कई लोगों ने कहा कि सेलिब्रिटी होने के बावजूद नियम तोड़ने पर सख्ती दिखाना सही कदम है और कानून सबके लिए बराबर होना चाहिए।
बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है ‘बॉर्डर 2’
विवाद के बीच वरुण धवन की फिल्म ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। 23 जनवरी को रिलीज हुई इस फिल्म ने अब तक 140 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म में वरुण के साथ सनी देओल, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। वहीं मोना सिंह, सोनम बाजवा, अनन्या सिंह और मेधा राणा भी फिल्म का हिस्सा हैं।
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म, जेपी दत्ता की 1997 की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का स्पिरिचुअल सीक्वल है।
