दुर्ग में महिला कांग्रेसी नेत्री की आत्मदाह के बाद मौत, 7 दिन तक चला इलाज, जानिए क्या है पूरा मामला

कांग्रेस कार्यकर्ता शबाना निशा उर्फ रानी

कांग्रेस कार्यकर्ता शबाना निशा उर्फ रानी

दुर्ग जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शबाना निशा (37 वर्ष) ने खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसी शबाना को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 7 दिनों तक इलाज चलने के बाद शुक्रवार 30 जनवरी को उसकी मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला

यह घटना 22 जनवरी की बताई जा रही है। शबाना निशा दुर्ग के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पचरीपारा में स्थित फेरू राम के मकान में किराए पर रह रही थी। जानकारी के अनुसार, शबाना उस मकान को खरीदना चाहती थी, लेकिन मकान मालिक उसे बेचने के लिए तैयार नहीं था। इसी बीच मकान मालिक द्वारा शबाना पर घर खाली करने का दबाव बनाया जा रहा था, जिसे लेकर मामला कोर्ट तक पहुंच गया।

कोर्ट आदेश के दौरान हुआ आत्मदाह

डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस और कोर्ट स्टाफ मकान खाली कराने पहुंचे थे। इसी दौरान शबाना घर के अंदर गई और खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली। घटना में वह करीब 95 प्रतिशत तक झुलस गई।

डीकेएस अस्पताल में चला इलाज

घटना के बाद परिजन और पुलिस शबाना को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। स्थिति नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल रेफर किया, जहां उसका इलाज करीब 7 दिनों तक चला। इलाज के दौरान शुक्रवार 30 जनवरी को उसकी मौत हो गई।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

शबाना की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है। दुर्ग पुलिस का कहना है कि—“कोर्ट के आदेश के तहत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान महिला ने खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। मामले की जांच जारी है।”

कांग्रेस से जुड़ी थी शबाना निशा

बताया जा रहा है कि शबाना निशा कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता थी और उसने वार्ड क्रमांक 28 पचरीपारा से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद चुनाव भी लड़ा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

read more : मरीन ड्राइव आने वालों से अब लिया जाएगा पार्किंग शुल्क, लोग बोले- फुटपाथ पर पैसा वसूलेंगे?

 

Youthwings