India vs Pakistan Asia Cup Match : एशिया कप भारत-पाक मैच रद्द करने की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा जानिए
यूएई में एशिया कप टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट की शुरुआत हो चुकी है और भारत अपने पहले मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर चुका है। टीम इंडिया अब 14 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगी। इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर कर इस मुकाबले को रद्द करने की मांग की गई, लेकिन अदालत ने जल्द सुनवाई से इनकार कर दिया।
याचिका पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
11 सितंबर की देर शाम हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि यह सिर्फ एक क्रिकेट मैच है और इसे होने दिया जाए। जस्टिस जे.के. माहेश्वरी और जस्टिस विजय बिश्नोई की पीठ ने कहा, “इतनी जल्दी क्या है? मैच रविवार को है, अब क्या किया जा सकता है।” याचिकाकर्ता ने जल्द सुनवाई की अपील की थी, जिस पर कोर्ट ने स्पष्ट किया कि फिलहाल तात्कालिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं है।
याचिका में उठाए गए मुद्दे
यह जनहित याचिका कानून की छात्रा उर्वशी जैन के नेतृत्व में चार लॉ छात्रों ने संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत दायर की। याचिका में मांग की गई कि 14 सितंबर 2025 को दुबई में होने वाले भारत-पाकिस्तान टी-20 मैच को रद्द किया जाए। छात्रों का कहना है कि हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सैनिकों और नागरिकों ने अपने प्राण गंवाए हैं, ऐसे समय में पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच राष्ट्रीय गरिमा और जनभावनाओं के खिलाफ संदेश देता है।
दलील और तर्क
याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि आतंकवाद को पनाह देने वाले देश के साथ खेलकूद में शामिल होना भारतीय सशस्त्र बलों के मनोबल को ठेस पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को राष्ट्रीय हित, सेना के बलिदान और शहीदों के सम्मान से ऊपर नहीं रखा जा सकता। साथ ही, याचिका में राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम, 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन की भी मांग की गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने हालांकि यह साफ कर दिया कि इस समय मैच रोकने के लिए अदालत की ओर से किसी तरह का तात्कालिक आदेश देने की आवश्यकता नहीं है। इसके साथ ही 14 सितंबर को दुबई में होने वाला भारत-पाक मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होगा।
