US ने तेहरान के सबसे बड़े ब्रिज को किया ध्वस्त, ईरान ने जारी कर दी 8 पुलों की हिट लिस्ट.. कहा- ‘अब देखना तबाही’

Iran us war : अमेरिका और इज़रायल के संयुक्त हमले में ईरान के अल्बोर्ज़ प्रांत के करज शहर में स्थित अहम B1 पुल पूरी तरह ध्वस्त हो गया। इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई और पुल का बड़ा हिस्सा ढह गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। करीब 1000 मीटर लंबा यह पुल ईरान के महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में शामिल था, जो तेहरान और करज के बीच ट्रैफिक कम करने के उद्देश्य से बनाया गया था।

 

हमले के एक दिन बाद, ईरान की अर्ध-सरकारी फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी ने मध्य पूर्व के 8 प्रमुख पुलों की एक सूची जारी की है, जिन्हें संभावित जवाबी कार्रवाई के तहत निशाना बनाया जा सकता है। इस सूची में खाड़ी देशों और जॉर्डन के महत्वपूर्ण पुल शामिल हैं।

 

अनादोलू एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इन पुलों में कुवैत का शेख जाबेर अल-अहमद अल-सबाह समुद्री पुल, यूएई के शेख जायद पुल, अल मक़ता पुल और शेख खलीफ़ा पुल, सऊदी अरब और बहरीन को जोड़ने वाला किंग फहद कॉज़वे, और जॉर्डन के किंग हुसैन पुल, दामिया पुल और अब्दौन पुल शामिल हैं।

 

इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बयान देते हुए कहा कि ईरान का सबसे बड़ा पुल अब कभी इस्तेमाल नहीं हो पाएगा और चेतावनी दी कि ईरान को जल्द समझौता कर लेना चाहिए।

 

वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि नागरिक ढांचे पर हमले से ईरान झुकेगा नहीं, बल्कि यह दुश्मन की कमजोरी और मनोबल गिरने का संकेत है।

Youthwings