बिलासपुर में 757 किलो से ज्यादा गांजा समेत हजारों नशीले पदार्थ नष्ट

Bilaspur। बिलासपुर में पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया। जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में 757 किलो से ज्यादा गांजा और हजारों नशीली दवाओं को औद्योगिक भट्टी में जलाकर नष्ट किया गया।

 

यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के तहत की गई। NDPS Act के तहत जिले में दर्ज 67 मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को सूचीबद्ध प्रक्रिया के अनुसार नष्ट किया गया।

 

नष्टीकरण के दौरान 757.603 किलोग्राम गांजा, 16.6 ग्राम एमडीएमए, 12,164 नशीली टेबलेट और कैप्सूल, 8,818 इंजेक्शन एंपुल और 6,468 नशीले सिरप को नष्ट किया गया।

 

पूरी प्रक्रिया ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष और पुलिस उप महानिरीक्षक व एसएसपी Rajnesh Singh की मौजूदगी में पूरी की गई। इस दौरान पुलिस, आबकारी और पर्यावरण विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

मादक पदार्थों को Suna Bongo Power Private Limited के मोहतरा स्थित प्लांट की भट्टी में जलाकर नष्ट किया गया। इस प्लांट में भूसे और कोयले के मिश्रण से बिजली उत्पादन किया जाता है और इसकी उत्पादन क्षमता करीब 10 मेगावाट प्रति घंटे बताई गई है।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

देखें विडियो:-

 

Youthwings