बिहार में डोनाल्ड ‘ट्रंप’ ने किया निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन! , प्रशासन हुआ चौकन्ना
बिहार के समस्तीपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने ऑनलाइन सरकारी सिस्टम की विश्वसनीयता और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मोहिउद्दीन नगर अंचल कार्यालय में किसी अज्ञात व्यक्ति ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फोटो और फर्जी जानकारियों के साथ निवास प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन कर दिया।
क्या था आवेदन में?
नाम: डोनाल्ड जान ट्रंप
पता: हसनपुर गांव, पोस्ट बाकरपुर, थाना मोहिउद्दीन नगर
फोटो: डोनाल्ड ट्रंप की असली तस्वीर
फर्जी आधार कार्ड, एड्रेस व बारकोड का इस्तेमाल
यह ऑनलाइन आवेदन 29 जुलाई को आवेदन क्रमांक BRCCO/2025/17989735 के तहत प्राप्त हुआ था। 4 अगस्त को अंचलाधिकारी ब्रजेश द्विवेदी ने जांच के बाद इसे फर्जी करार देते हुए अस्वीकृत कर दिया और अब इस मामले में साइबर थाना में FIR दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे मामले
यह कोई पहला मामला नहीं है जब बिहार के ऑनलाइन सिस्टम के साथ इस तरह की छेड़छाड़ हुई हो। इससे पहले भी कुछ अजीबोगरीब और मज़ाकिया आवेदनों के उदाहरण सामने आ चुके हैं:
पटना: कुत्ते ‘डाग बाबू’ के नाम से आवास प्रमाण पत्र
मधुबनी: एक कुत्ते के नाम पर ऑनलाइन आवेदन
पूर्वी चंपारण: ट्रैक्टर ‘सोनालिका’ के नाम से आवेदन
गंभीर मामला, IT कानून के तहत कार्रवाई
सीओ ब्रजेश द्विवेदी ने स्पष्ट किया, “यह कोई मजाक नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया साइबर अपराध है, जो सीधे तौर पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) का उल्लंघन है। इस मामले की जांच के लिए समस्तीपुर साइबर थाना को पत्र भेजा गया है।”
