ओडिशा से पुणे जा रही थी करोड़ों की गांजा खेप: महासमुंद पुलिस ने 2 करोड़ की खेप जब्त कर 5 तस्करों को दबोचा
महासमुंद पुलिस ने की 2 करोड़ की गांजा जब्त
महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी के दौरान दो लग्जरी वाहनों से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया।
281 किलो से अधिक गांजा जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 281.900 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये आंकी गई है। यह गांजा ओडिशा के फुलबानी क्षेत्र से महाराष्ट्र के पुणे ले जाया जा रहा था।
5 तस्कर गिरफ्तार, महाराष्ट्र के निवासी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो वाहनों में सवार कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो सभी महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा परिवहन की बात स्वीकार की है।
दो लग्जरी कार और मोबाइल भी जब्त
तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक फॉर्च्यूनर कार (MH 12 WC 0090) जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये और एक स्कॉर्पियो कार (MH 12 YH 0090) जिसकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये है, को भी जब्त किया गया। इसके अलावा 4 मोबाइल फोन (कीमत करीब 50 हजार रुपये) भी बरामद किए गए।
इस तरह कुल 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) और 29(1) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
संगठित नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, इस मामले में केवल परिवहनकर्ताओं की ही गिरफ्तारी हुई है। अब तस्करी के पूरे नेटवर्क, फाइनेंशियल कनेक्शन, सोर्स और डेस्टिनेशन प्वाइंट की गहन जांच की जा रही है। यह पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
read more : CBSE का बड़ा फैसला: अब कक्षा 3 से AI और कम्प्यूटेशनल थिंकिंग की पढ़ाई अनिवार्य
