दिल्ली लाल किला धमाके के बाद छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट, बिलासपुर रेलवे स्टेशन से दो बैग मिले

राजधानी दिल्ली के लाल किले में हुए धमाके ने पूरे देश को दहला दिया है। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। रायपुर और बिलासपुर समेत कई जिलों में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर RPF और पुलिस ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके दौरान दो संदिग्ध बैग बरामद किए गए। बैग मिलने के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

रायपुर-बिलासपुर में कड़ी सुरक्षा, हर गतिविधि पर नजर

राज्य सरकार ने सभी जिलों के प्रशासन को अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश दिए हैं। हाईकोर्ट, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, अस्पताल, ढाबा, होटल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन जांच की जा रही है। पुलिस को आदेश दिया गया है कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तुरंत जांच की जाए और पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। भड़काऊ या संदिग्ध पोस्ट करने वालों पर निगरानी और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

एयरपोर्ट और पर्यटन स्थलों पर बढ़ाई गई निगरानी

रायपुर एयरपोर्ट में सुरक्षा के लिए डॉग स्क्वाड और बम डिस्पोजल टीम तैनात की गई है। एयरपोर्ट परिसर और पार्किंग एरिया में कड़ी तलाशी ली जा रही है।
यात्रियों की जांच और बैगेज स्कैनिंग को भी दोगुना कर दिया गया है।

प्रदेशभर के धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई गई है। वहीं एसपी और डीएसपी रैंक के अधिकारी CCTV कमांड सेंटर से निगरानी रख रहे हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत एक्शन लिया जा सके।

Youthwings