Udhampur Terrorists Encounter: सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी ढेर

Udhampur Terrorists Encounter: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के पहाड़ी और घने जंगली इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच जारी मुठभेड़ में जवानों को बड़ी सफलता मिली है। इस संयुक्त ऑपरेशन में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो आतंकियों को मार गिराया गया, जिनमें संगठन का एक शीर्ष कमांडर भी शामिल बताया जा रहा है।

खुफिया सूचना के आधार पर शुरू हुआ ऑपरेशन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को रामनगर और बसंतगढ़ क्षेत्र के चिगला बलोता इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मंगलवार को मिली थी। इसके बाद भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया।

मंगलवार शाम से जारी थी मुठभेड़

तलाशी अभियान के दौरान मंगलवार शाम करीब 4 बजे जगरेडा क्षेत्र के घने जंगलों में छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। यह अभियान रातभर जारी रहा।

इलाके में हाई अलर्ट

मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया और अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर तैनात किया गया। पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते रहे।

बुधवार सुबह सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दोनों आतंकियों को मार गिराया।

ऑपरेशन ‘केया’ के तहत कार्रवाई

सेना की व्हाइट नाइट कोर ने जानकारी दी कि यह संयुक्त अभियान ऑपरेशन ‘केया’ के तहत चलाया गया। खुफिया इनपुट के आधार पर पहले से ही उधमपुर जिले के पहाड़ी और जंगली इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।

Youthwings