Bilaspur Tantrik Money Doubling Scam: पैसों की बारिश का वीडियो दिखाकर ठगी, तीन महिलाएं समेत पांच गिरफ्तार

Bilaspur Tantrik Money Doubling Scam: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तांत्रिक अनुष्ठान के नाम पर पैसे डबल करने का बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। खुद को तांत्रिक बताकर पैसों की बारिश कराने और रकम कई गुना बढ़ाने का झांसा देने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। आरोप है कि आरोपियों ने ढाई लाख रुपए को ढाई करोड़ रुपए बनाने का दावा करते हुए ठगी की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी तांत्रिक अनुष्ठान के जरिए पैसों की बारिश दिखाने वाले वीडियो तैयार करते थे और इन्हीं वीडियो के जरिए लोगों को झांसे में लेते थे। पीड़ितों को भरोसा दिलाया जाता था कि विशेष पूजा-पाठ और तंत्र विद्या से पैसा अपने आप बढ़ जाएगा।

वीडियो दिखाकर रचा ठगी का जाल

मामले की शिकायत कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र निवासी शिवकुमार चेरवा ने 3 फरवरी को बिल्हा थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रिखीराम नवरंग, विमला बाई, बृहस्पति, ब्रिज बाई और विजय राज ने मिलकर तांत्रिक अनुष्ठान के नाम पर 2.5 लाख रुपए की ठगी की।

आरोपियों ने पीड़ित को पैसों की बारिश करते हुए वीडियो दिखाया और दावा किया कि यह रकम जल्द ही ढाई करोड़ रुपए में बदल जाएगी। लेकिन न तो पैसा डबल हुआ और न ही आरोपियों ने रकम लौटाई।

लूटपाट के मामले से हुआ पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा

गौरतलब है कि बीते दिनों पीड़ित पक्ष ने अपनी रकम वापस लेने के लिए कथित तांत्रिक और उसके परिजनों के साथ लूटपाट की थी। इस दौरान कार, नकदी और जेवर लूटकर आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले में रतनपुर पुलिस ने लूट का केस दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

इसी जांच के दौरान तांत्रिक अनुष्ठान के जरिए पैसे डबल करने की ठगी का खुलासा हुआ। इसके बाद बिल्हा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित तांत्रिक समेत पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे गिरोह से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं और भी लोग इस ठगी का शिकार तो नहीं हुए हैं।

Youthwings