Chhattisgarh Morning News: गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रमों में शामिल होंगे सीएम साय, RTE बदलाव पर कांग्रेस का विरोध, आज-कल मांस बिक्री पर प्रतिबंध

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: आज छत्तीसगढ़ में राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक और खेल गतिविधियों से जुड़ा दिन काफी व्यस्त रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर, मुंगेली और दुर्ग के दौरे पर रहेंगे और गुरु घासीदास जयंती समेत कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वहीं RTE में बदलाव को लेकर कांग्रेस ने सरकार के फैसले पर सवाल खड़े किए हैं। गुरु घासीदास जयंती और संत तारण तरण जयंती के कारण शहर में मांस-मटन की बिक्री पर रोक लगाई गई है। खेल जगत में भी अंडर-19 कूच बेहार ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ की मजबूत स्थिति बनी हुई है।

सीएम विष्णु देव साय का आज का दौरा कार्यक्रम

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सुबह 11 बजे रायपुर स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज में मेगा हेल्थ कैंप का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे 11:50 बजे पुलिस ग्राउंड हेलीपैड से मुंगेली के लिए रवाना होंगे। मुंगेली के ग्राम सेतगंगा और लालपुर में गुरु घासीदास जयंती समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3:50 बजे दुर्ग के लिए प्रस्थान करेंगे।

शाम को भिलाई नगर के सतनाम भवन में गुरु घासीदास जयंती एवं गुरुपर्व कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद रात 8 बजे अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर 8:40 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।

RTE में बदलाव पर कांग्रेस का विरोध

कक्षा पहली से RTE के तहत प्रवेश देने के राज्य सरकार के निर्णय पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि नर्सरी स्तर से प्रवेश समाप्त होने से गरीब और वंचित वर्ग के बच्चे प्रारंभिक शिक्षा से वंचित हो सकते हैं। कांग्रेस ने इस फैसले को जनविरोधी बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की है।

आज और कल मांस-मटन बिक्री पर रोक

गुरु घासीदास जयंती (18 दिसंबर) और संत तारण तरण जयंती (19 दिसंबर) के अवसर पर रायपुर नगर निगम सीमा में मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान सभी पशुवध गृह भी बंद रखे जाएंगे।

कूच बेहार ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ की मजबूत पकड़

अंडर-19 कूच बेहार ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ ने असम के खिलाफ मजबूत बढ़त बना ली है। पहली पारी में 311 रन बनाने के बाद छत्तीसगढ़ ने असम को दूसरी पारी में 7 विकेट पर 40 रन पर समेट दिया। असम अब भी 137 रन पीछे है, जिससे छत्तीसगढ़ की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

लता मंगेशकर जयंती पर राष्ट्रीय गायन प्रतियोगिता

भारत रत्न लता मंगेशकर की जयंती के अवसर पर रायपुर में 20 और 21 दिसंबर को सत्य साईं संजीवनी ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय स्तर की गायन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। लता फाउंडेशन के तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम में देशभर के कलाकार भाग लेंगे।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

कृत्रिम पैर दान शिविर: इंटरैक्ट क्लब ऑफ रायपुर पिनेकल, मारुति मंगलम भवन (गुढ़ियारी), सुबह 9 बजे से

गुरु घासीदास जयंती समारोह: न्यू राजेंद्रनगर, अपरान्ह 3 बजे से

गुरु गद्दी पूजा: शंकरनगर खम्हारडीह, प्रातः 7 बजे से

भागवत पुराण ज्ञान यज्ञ: खाटू श्याम मंदिर, समता कॉलोनी, अपरान्ह 3 से शाम 6 बजे तक

सूर्योपासना महापर्व: बोरियाकला, सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक

Youthwings