T20 World Cup: फाइनल में पहुंची टीम इंडिया, रायपुर से बीजापुर तक जश्न में डूबा छत्तीसगढ़

T20 World Cup

T20 World Cup

T20 World Cup के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को रोमांचक मैच में 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी खड़ा किया। भारत की इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही देशभर में जश्न का माहौल बन गया।

रायपुर के जयस्तंभ चौक पर फैंस का उत्साह

भारत की जीत के बाद राजधानी रायपुर के जयस्तंभ चौक पर क्रिकेट प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी। फैंस ने तिरंगा लहराते हुए आतिशबाजी की और आकाशदीप छोड़कर खुशी का इजहार किया। इस दौरान “सबसे आगे हिंदुस्तानी” और “भारत माता की जय” जैसे नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।

सड़कों पर उतरे परिवार, केक काटकर मनाई खुशी

होली के दूसरे दिन आई इस बड़ी जीत ने लोगों की खुशियों को दोगुना कर दिया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी सड़कों पर निकलकर जश्न मनाते नजर आए। बिलासपुर में दोस्तों ने एक साथ केक काटकर टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

नेताओं ने भी दी बधाई

भारत की जीत पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर टीम इंडिया को फाइनल में पहुंचने की बधाई दी और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।

बीजापुर में बड़ी स्क्रीन पर देखा गया मैच

बीजापुर में भी क्रिकेट प्रेमियों ने बड़े स्क्रीन पर मैच का आनंद लिया। जैसे ही भारत की जीत तय हुई, लोग घरों से बाहर निकल आए और एक-दूसरे को बधाई देने लगे। कई जगहों पर युवाओं ने तिरंगा लहराया, पटाखे फोड़े और भारत माता के जयकारों के साथ जीत का जश्न मनाया।

 

Youthwings