महिला ने भाजपा मंडल अध्यक्ष पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप, FIR दर्ज, पार्टी ने किया पद मुक्त
धमतरी। जिले के बेलरगांव क्षेत्र से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोहरदास मानिकपुरी पर एक महिला से छेड़खानी का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पद से मुक्त कर दिया है।
पानी मांगने के बहाने घर में घुसा आरोपी
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोहरदास मानिकपुरी उसके घर पानी मांगने के बहाने आया था। इस दौरान उसने मौके का फायदा उठाकर पीछे से शारीरिक छेड़छाड़ की। जब पीड़िता ने शोर मचाया तो आरोपी वहां से भाग निकला और अपनी कार में बैठकर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
बोरई थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा ने अपनाई “शून्य सहनशीलता” नीति
घटना के बाद पार्टी पर उठ रहे सवालों को देखते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने आरोपी मनोहरदास मानिकपुरी को भाजपा बेलरगांव मंडल अध्यक्ष पद से हटा दिया है। प्रकाश बैस ने कहा कि पार्टी महिला सुरक्षा के मामलों में “शून्य सहनशीलता की नीति” अपनाती है और ऐसे किसी भी व्यक्ति को संगठन में स्थान नहीं दिया जाएगा।
