Chhattisgarh Bijli Vibhag Action: छत्तीसगढ़ बिजली विभाग का बड़ा एक्शन, सरकारी कॉलोनी में बिजली चोरी का पर्दाफाश

Chhattisgarh Bijli Vibhag Action: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जैजैपुर ब्लॉक में बिजली विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। सरकारी आवासों में चार साल से चोरी से बिजली उपयोग किए जाने के मामले में विभाग ने 18 आवासों के बिजली कनेक्शन काट दिए हैं। वहीं, 16 अन्य सरकारी कर्मचारियों को नोटिस जारी करते हुए दो दिन के भीतर बिल और पेनाल्टी जमा करने का आदेश दिया गया है।

चार साल से चल रहा था बिजली चोरी का खेल

जैजैपुर की GAD कॉलोनी में कुल 44 सरकारी आवास बने हुए हैं। यहां नगर पंचायत के CMO, तहसीलदार और कई विभागों के अधिकारी रहते हैं। जांच में पता चला कि बीते चार सालों से इन आवासों में न तो बिजली मीटर लगाए गए थे और न ही कोई बिल जमा किया जा रहा था। अधिकारी और कर्मचारी सीधे लाइन से बिजली का उपयोग कर रहे थे।

बिजली विभाग ने कई बार नोटिस जारी किए, लेकिन कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। अब मीडिया में मामला उजागर होने के बाद विभाग ने तत्काल एक्शन लेते हुए 18 घरों का कनेक्शन काट दिया और 16 कर्मचारियों को चेतावनी जारी की।

FIR की चेतावनी से मचा हड़कंप

विद्युत विभाग ने यह भी साफ कर दिया है कि यदि तय समय सीमा में बिल और पेनाल्टी जमा नहीं की जाती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद सरकारी कॉलोनी में अफसरों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

विभाग का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों द्वारा इस तरह की बिजली चोरी बेहद गंभीर अपराध है, और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Youthwings