Adobe CEO Shantanu Narayen Resignation: एडोबी में बड़ा बदलाव, 18 साल बाद CEO पद छोड़ेंगे शांतनु नारायण, नए लीडर की तलाश शुरू
Adobe CEO Shantanu Narayen Resignation: दुनिया की प्रमुख सॉफ्टवेयर कंपनियों में से एक Adobe के मुख्य कार्यकारी अधिकारी Shantanu Narayen लगभग 18 साल बाद अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। कंपनी ने बताया कि उत्तराधिकारी की नियुक्ति होने के बाद वे सीईओ पद से हट जाएंगे, लेकिन नेतृत्व परिवर्तन को सुचारू बनाने के लिए बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में जुड़े रहेंगे।
सैन जोस स्थित कंपनी के अनुसार नए सीईओ की तलाश शुरू कर दी गई है। इसके लिए बोर्ड ने एक विशेष समिति का गठन किया है, जो आंतरिक और बाहरी दोनों उम्मीदवारों पर विचार करेगी।
कंपनी के प्रमुख स्वतंत्र निदेशक Frank Calderoni ने कहा कि पिछले 18 वर्षों में शांतनु नारायण ने कंपनी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है और एआई आधारित भविष्य के लिए तैयार किया है।
कंपनी में बड़े बदलाव की अगुवाई
नारायण ने गुरुवार को कर्मचारियों को भेजे संदेश में अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लगभग दो दशक तक सीईओ के रूप में सेवा देने के बाद अब वे पद छोड़ने का निर्णय ले चुके हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में वे बोर्ड के साथ मिलकर अपने उत्तराधिकारी की पहचान करेंगे और नेतृत्व परिवर्तन को सुचारू बनाने में सहयोग देंगे।
नारायण ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी में बड़े बदलाव हुए। इस दौरान कर्मचारियों की संख्या 3,000 से बढ़कर 30,000 से अधिक हो गई और कंपनी का राजस्व 1 अरब डॉलर से बढ़कर 25 अरब डॉलर से अधिक हो गया।
एआई युग में नई संभावनाएं
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता रचनात्मकता और डिजिटल अनुभवों के क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभाएगी।
इस घोषणा पर Satya Nadella ने भी प्रतिक्रिया दी और नारायण के नेतृत्व में एडोबी की उपलब्धियों की सराहना की।
