ऑटो एक्सपो–2026 का आगाज : वाहनों पर 50% RTO टैक्स छूट, 05 फरवरी तक होगा आयोजन
ऑटो एक्सपो–2026
ऑटो एक्सपो–2026 रायपुर: छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन की ओर से ऑटो एक्सपो–2026 का आयोजन 20 जनवरी से 05 फरवरी 2026 तक किया जा रहा है। यह आयोजन श्री राम बिजनेस पार्क, एमजीएम हॉस्पिटल के सामने, विधानसभा रोड, सड्डू रायपुर में होगा।
इस ऑटो एक्सपो में वाहन खरीदने वाले ग्राहकों को जीवनकाल कर (RTO टैक्स) में एकमुश्त 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी, जिससे आम नागरिकों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
प्रदेश के नागरिकों को बिना रायपुर आए मिलेगा लाभ
यह छत्तीसगढ़ का पहला ऐसा ऑटो एक्सपो है, जिसमें पूरे प्रदेश के नागरिकों को समान लाभ मिलेगा। वाहन खरीदने के लिए लोगों को रायपुर आना जरूरी नहीं होगा। वे अपने शहर या गांव के नजदीकी पंजीकृत डीलर के माध्यम से इस योजना का लाभ ले सकेंगे।
गृह जिले में ही होगा वाहन पंजीयन
ऑटो एक्सपो–2026 के तहत खरीदे गए वाहनों का पंजीयन उपभोक्ता के गृह जिले में ही किया जाएगा। यानी वाहन पर उसी जिले का RTO कोड मिलेगा, जिससे नागरिकों को अतिरिक्त सुविधा प्राप्त होगी। दूरस्थ क्षेत्रों के डीलर्स की भागीदारी से स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
एक ही स्थान पर मिलेंगे सभी वाहन और नई तकनीक
रायपुर ऑटो एक्सपो में सभी प्रकार के वाहन मॉडल, लेटेस्ट फीचर्स और नई ऑटोमोबाइल तकनीकों से लैस गाड़ियां एक ही स्थान पर देखने और चुनने का अवसर मिलेगा। इससे आमजन आधुनिक तकनीक से भी परिचित हो सकेंगे।
सस्ता फाइनेंस और बीमा भी उपलब्ध
ऑटो एक्सपो–2026 में देश के प्रमुख बैंक और फाइनेंस कंपनियां न्यूनतम ब्याज दरों पर वाहन ऋण उपलब्ध करा रही हैं। साथ ही इंश्योरेंस कंपनियां कम दरों पर बीमा सुविधा प्रदान कर रही हैं। इससे वाहन खरीदारों को अतिरिक्त आर्थिक राहत मिलेगी।
266 डीलर्स ले रहे भाग, विकल्पों की भरमार
इस ऑटो एक्सपो में रायपुर जिले के 95 और अन्य जिलों के 171 डीलर्स, कुल 266 डीलर्स भाग ले रहे हैं। इससे प्रदेशभर के नागरिकों को वाहनों के विविध विकल्प मिलेंगे। पिछले वर्ष ऑटो एक्सपो–2025 में 29,348 वाहनों की बिक्री हुई थी और लगभग 120 करोड़ रुपये की RTO टैक्स छूट आम जनता को मिली थी। इस बार भी इससे बड़े लाभ की उम्मीद जताई जा रही है।
