Raipur Tax Defaulters Action: रायपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 14 बकायादारों के व्यावसायिक परिसर सील
रायपुर। रायपुर नगर निगम के जोन-8 राजस्व विभाग ने बकाया वसूली को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों से टैक्स नहीं चुकाने वाले 28 बड़े बकायादारों पर शिकंजा कसा है। अभियान के तहत 14 बकायादारों के 8 व्यावसायिक परिसरों को सील किया गया।
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में की गई। राजस्व विभाग की टीम ने वीर सावरकर नगर, पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड और शहीद भगत सिंह वार्ड में अभियान चलाया।
कई बकायादारों ने कार्रवाई के दौरान ही बकाया राशि का भुगतान कर राहत पाई, जबकि कुछ ने 31 मार्च 2026 तक भुगतान करने का आश्वासन दिया।
जोन-8 की टीम ने बार-बार नोटिस जारी करने के बावजूद टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए परिसरों को सील किया। वहीं कुछ मामलों में आंशिक भुगतान भी मौके पर किया गया।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि बकाया वसूली के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का पालन नहीं करने वालों पर इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।

