कार में सीट के नीचे बना रखा था लॉकर: बरामद हुई 3 करोड़ से अधिक नकदी, रायपुर से महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी रकम

छत्तीसगढ़ के बालोद और धमतरी जिले की सीमा पर पुलिस ने बुधवार को एक संदिग्ध कार (MH 04 MA 8035) को रोककर तलाशी ली। जांच में पुलिस को कार से नोटों के कई बंडल मिले, जिनकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। कार की सीट के नीचे नकदी छिपाने के लिए एक विशेष लॉकर बनाया गया था, जिसे खोलते ही पुलिस भी हैरान रह गई।

रायपुर से महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी रकम

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बरामद नकदी को रायपुर से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार चालक और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की टीम मौके पर पहुंचकर नोटों की गिनती कर रही है। शुरुआती जांच में मामला हवाला नेटवर्क से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है।

गोपनीय सूचना के बाद की गई घेराबंदी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में कैश एक कार से ले जाया जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बालोद-धमतरी बॉर्डर पर घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध कार दिखने पर पुलिस ने उसे रोक लिया। तलाशी के दौरान नकदी के बंडलों से भरी सीटें देखकर टीम भी दंग रह गई।

दो लोग हिरासत में, जांच कई एंगल पर जारी

कार में मौजूद दोनों व्यक्तियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। दोनों यह नहीं बता पाए कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और कहां ले जाई जा रही थी। पुलिस अब इस मामले को हवाला, चुनावी फंडिंग या टैक्स चोरी जैसे संभावित एंगल से भी जांच रही है।

 

 

Youthwings