अब सस्ती मिलेंगी ट्रैक्टर, कार और बाइक: केंद्र सरकार ने घटाया GST, जानिए किन गाड़ियों पर कितना हुआ फायदा

GST,

GST,

नई दिल्ली। लंबे समय से वाहन खरीदारों को जिस घोषणा का इंतजार था, वह अब पूरी हो गई है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वाहनों पर जीएसटी दरों में कटौती की घोषणा कर दी है। इससे कार, बाइक, स्कूटर, ऑटो और ट्रैक्टर खरीदने वाले लाखों ग्राहकों को सीधा फायदा मिलेगा। सरकार की ओर से यह फैसला वाहन उद्योग को बढ़ावा देने और आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है। नई दरें 22 सितंबर 2025 से लागू होंगी।

1200 सीसी तक की छोटी कारों पर 11% तक की राहत

अब 1200 सीसी इंजन क्षमता और 4 मीटर से कम लंबाई वाली कारों पर लगने वाला 28% जीएसटी और 1% सेस, यानी कुल 29% टैक्स को घटाकर 18% कर दिया गया है। इस फैसले से देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, हुंडई, किआ, टोयोटा और रेनो की छोटी कारें अब काफी सस्ती हो जाएंगी। इससे इन कंपनियों की बिक्री में अच्छी-खासी तेजी आने की संभावना है।

350 सीसी से कम की मोटरसाइकल और स्कूटर पर टैक्स में बड़ी कटौती

भारतीय सड़कों पर चलने वाले अधिकतर टू-व्हीलर 350 सीसी से कम पावर वाले होते हैं। इन पर पहले 28% जीएसटी लगता था, जिसे अब घटाकर 18% कर दिया गया है। इस कटौती का सीधा फायदा उन ग्राहकों को मिलेगा जो हीरो, होंडा, टीवीएस, यामाहा, बजाज, सुजुकी जैसी कंपनियों की बाइक्स या स्कूटर्स खरीदते हैं।

1500 सीसी तक की डीजल कारें अब ज्यादा सस्ती

सरकार ने 1500 सीसी तक के डीजल इंजन और 4 मीटर से कम लंबाई वाली कारों पर लगने वाले 31% टैक्स को भी घटाकर 18% कर दिया है। इससे महिंद्रा XUV 3XO, टाटा नेक्सॉन, हुंडई वेन्यू, किआ सोनेट जैसी लोकप्रिय एसयूवी अब सस्ती हो जाएंगी।

प्रीमियम बाइक्स होंगी महंगी, 350 सीसी से ऊपर वाले वाहनों पर टैक्स बढ़ा

350 सीसी से अधिक पावर वाली बाइक्स के शौकीनों के लिए यह खबर निराशाजनक हो सकती है। अब रॉयल एनफील्ड, KTM, ट्रायम्फ जैसी प्रीमियम बाइक्स पर 31% से बढ़ाकर 40% तक जीएसटी लगाया जाएगा। इससे इन बाइक्स की कीमतों में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।

1500 सीसी से अधिक की कारों पर भी राहत, लेकिन सीमित

बड़ी कारें जैसे कि हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टॉस आदि जिनकी इंजन क्षमता 1500 सीसी से ऊपर है, उन पर अब पहले की तरह 45% की बजाय 40% टैक्स लगेगा। यह राहत सीमित है, लेकिन इस सेगमेंट के ग्राहकों को जरूर कुछ राहत मिलेगी।

थ्री-व्हीलर (ऑटो रिक्शा) खरीदना भी हुआ सस्ता

सरकार ने 3-व्हीलर वाहनों (ऑटो, ई-रिक्शा आदि) पर भी 28% से घटाकर 18% जीएसटी कर दिया है। इससे छोटे व्यवसायियों और ऑटो चालकों के लिए वाहन खरीदना आसान हो जाएगा।

इलेक्ट्रिक वाहनों पर कोई बदलाव नहीं

इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) की बात करें तो इन पर पहले से ही 5% जीएसटी लागू है और इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी ईवी खरीदने पर मौजूदा टैक्स रेट ही लागू रहेगा।

ट्रैक्टर खरीदने वाले किसानों को भी राहत

1800 सीसी से कम क्षमता वाले ट्रैक्टर्स पर लगने वाला 12% जीएसटी और सेस अब घटाकर 5% कर दिया गया है। यह फैसला देश के करोड़ों किसानों के लिए एक बड़ी राहत साबित हो सकता है।

Youthwings