Mahua Moitra On Raipur Police: महुआ मोइत्रा ने रायपुर पुलिस को कहा ‘बेवकूफ’, FIR पर भड़कीं और जारी किया नया वीडियो

Mahua Moitra On Raipur Police

Mahua Moitra On Raipur Police

Mahua Moitra On Raipur Police: तृणमूल कांग्रेस (TMC) की विवादित बयानों के लिए चर्चित सांसद महुआ मोइत्रा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में रायपुर पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसके बाद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस को ‘बेवकूफ’ कहा और भाजपा के आकाओं की बात सुनना बंद करने की नसीहत दी।

सोशल मीडिया पर रायपुर पुलिस को निशाना

महुआ मोइत्रा ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर छत्तीसगढ़ पुलिस और रायपुर पुलिस को टैग करते हुए वीडियो साझा किया। वीडियो की शुरुआत में उन्होंने अमित शाह को ‘सम्माननीय गृह मंत्री’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने दावा किया कि उनका बयान बंगाली भाषा का एक मुहावरा था, जिसे गलत तरीके से हिंदी में ट्रांसलेट कर विवाद खड़ा किया गया।

महुआ ने कहा कि मुहावरे ‘बेवकूफों के लिए नहीं होते’। साथ ही पुलिस को तंज कसते हुए लिखा कि पिछली बार भी आपने हाईकोर्ट से फटकार खाने के बाद मुकदमा वापस ले लिया था। इस बार भी सच सामने आएगा।

FIR पर दी सफाई

टीएमसी सांसद ने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज FIR राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई है। उन्होंने दोहराया कि बंगाली या अंग्रेजी में कही गई बात का शाब्दिक हिंदी अनुवाद सही अर्थ नहीं देता। महुआ ने यह भी कहा कि उनके विरोधियों को अब तक अदालतों में हर बार हार का सामना करना पड़ा है और इस बार भी वही होगा।

रायपुर पुलिस को दी चेतावनी

महुआ मोइत्रा ने पुलिस पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के आकाओं की बात सुनना बंद करें, वरना केवल बदनामी ही मिलेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि फर्जी मुकदमों से बचें, क्योंकि अदालतें इन्हें पहचान लेती हैं और आखिरकार सिर झुकाना पड़ता है।

क्या था पूरा विवाद?

29 अगस्त को अवैध घुसपैठ पर सवाल पूछे जाने पर महुआ मोइत्रा ने अमित शाह को लेकर बेहद विवादित बयान दे दिया। उन्होंने कहा कि अगर सीमाओं की सुरक्षा नहीं हो रही और घुसपैठिए रोजाना आकर महिलाओं पर नजर डाल रहे हैं, जमीनें कब्जा कर रहे हैं, तो सबसे पहले अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए। इस बयान के बाद देशभर में हंगामा मच गया और रायपुर पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज की।

Youthwings