Amit Jogi FIR: आपत्तिजनक पोस्ट मामले में फंसे अमित जोगी, PM मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ वीडियो पर FIR दर्ज

Amit Jogi FIR: छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री दिवंगत अजीत जोगी के पुत्र और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ‘वोट चोरी’ से जुड़े एक मामले में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में अमित जोगी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि, विवाद बढ़ता देख अमित जोगी ने कुछ ही समय बाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट से वह पोस्ट हटा दिया था और माफी मांगते हुए दूसरा स्पष्टीकरण पोस्ट किया था, लेकिन इसके बावजूद वे कानूनी कार्रवाई से बच नहीं सके।

रायपुर के सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज

अमित जोगी के खिलाफ यह आपराधिक मामला रायपुर भाजपा के जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर की शिकायत पर दर्ज किया गया है। रायपुर कमिश्नरेट के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 352, 353(2) और 356(2) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2000 की धारा 67 के तहत केस दर्ज किया गया है।

बीजेपी नेताओं ने बोला हमला और की कार्रवाई की मांग

अमित जोगी के इस विवादित वीडियो के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त और छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मानसिक संतुलन पर सवाल उठाए थे और सख्त कार्रवाई की मांग की थी। थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

Youthwings