उज्जैन में चलती कार में गैंगरेप! इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती; दो आरोपियों पर केस दर्ज

उज्जैन। मध्य प्रदेश के धार्मिक शहर उज्जैन में एक युवती के साथ चलती कार में गैंगरेप और अमानवीय बर्बरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंदौर की रहने वाली पीड़िता ने इंस्टाग्राम पर बने दोस्त और उसके साथियों पर चलती कार में दुष्कर्म, मारपीट और गंभीर यौन हिंसा करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़िता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने युवती की शिकायत और मेडिकल जांच के आधार पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद मिलने उज्जैन पहुंची थी पीड़िता

पीड़िता के अनुसार कुछ महीने पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान उज्जैन निवासी चक्रेश जैन से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और वे पहले भी एक-दो बार मिल चुके थे। सोमवार को चक्रेश के बार-बार बुलाने पर युवती बस पकड़कर इंदौर से उज्जैन पहुंची। उज्जैन के होटल मेघदूत के पास चक्रेश अपने एक साथी के साथ कार लेकर पहुंचा और युवती को बैठा लिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे पीने के लिए कॉफी दी, जिसमें नशीला या संदेहास्पद पदार्थ मिला हुआ था।

चलती कार में दरिंदगी

युवती का आरोप है कि आरोपी उसे कार में बैठाकर शहर की सड़कों पर इधर-उधर घुमाते रहे। कुछ देर बाद कार में चक्रेश के अन्य साथी भी सवार हो गए। पीड़िता ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि चलती गाड़ी के भीतर उसके साथ दरिंदगी और मारपीट की गई। उसने आरोपियों पर गंभीर अमानवीय कृत्य करने और निजी अंगों पर चोट पहुंचाने के बेहद गंभीर आरोप भी लगाए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को बेसुध हालत में इंदौर के अरबिंदो अस्पताल के बाहर छोड़कर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल के बाहर मिली पीड़िता

वारदात के बाद पीड़िता ने रात करीब 9 बजे रोते हुए अपने मुंहबोले भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही भाई तत्काल अरबिंदो अस्पताल पहुंचा और पीड़िता को लेकर उज्जैन के नानाखेड़ा थाने पहुंचा। आधी रात को थाने पहुंची युवती से सीएसपी श्वेता गुप्ता और थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने तत्काल पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया।

दो आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

मामले में पुलिस ने पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर मुख्य आरोपी चक्रेश जैन और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। हालांकि युवती द्वारा जारी वीडियो में चार से पांच लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, जबकि लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने फिलहाल दो आरोपियों पर केस दर्ज किया है। सीएसपी श्वेता गुप्ता का कहना है कि युवती अपनी मर्जी से बस से उज्जैन आई थी, जिसके बाद यह घटनाक्रम हुआ। पुलिस मामले के सभी पहलुओं, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की बारीकी से पड़ताल कर रही है।

Youthwings