बिना बताए सरहद पार, थाली में मगरमच्छ का शिकार… अब कमिश्नर साहब करेंगे अफसर का ‘फुल’ हिसाब!

उज्जैन। सरकारी फाइलों में अवैध निर्माण और नक्शे पास करने वाले उज्जैन नगर निगम के एक जिम्मेदार अधिकारी इन दिनों किसी इमारत को लेकर नहीं, बल्कि अपनी थाली के एक बेहद खूंखार मेन्यू को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। बात ही कुछ ऐसी है—साहब सात समंदर पार थाईलैंड पहुंचे और वहां डाइनिंग टेबल पर सीधे ‘मगरमच्छ’ का स्वाद चखने बैठ गए। स्वाद ऐसा भाया कि सोशल मीडिया पर बाकायदा वीडियो भी अपलोड कर दिया, लेकिन अब यही ‘मगरमच्छी दावत’ उनके गले की फांस बनती नजर आ रही है।

विदेशी थाली में मगरमच्छ का स्वाद, कैप्शन में लिखा-‘फर्स्ट टाइम’

उज्जैन नगर निगम के जोन क्रमांक 1, 2 और 3 में बतौर भवन अधिकारी पदस्थ राजकुमार राठौर हाल ही में अपनी पत्नी के साथ थाईलैंड की सैर पर निकले थे। विदेशी सैर-सपाटे के दौरान उन्होंने वहां के मशहूर स्ट्रीट फूड कल्चर में हाथ आजमाया और अपनी प्लेट में मगरमच्छ का मांस परोसवा लिया। इतना ही नहीं, अफसर साहब ने इसका वीडियो शूट कर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर गर्व से शेयर भी किया। वीडियो के कैप्शन में अंग्रेजी में बड़े शौक से लिखा—’Trying crocodile for the first time in Thailand’ यानी थाईलैंड में पहली बार मगरमच्छ का स्वाद चखते हुए। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और नगर निगम के गलियारों में चर्चा का विषय बन गया।

स्वाद की नुमाइश के चक्कर में खुला बिना इजाजत विदेश जाने का राज

शौक के चक्कर में अफसर साहब यह भूल गए कि सरकारी सेवा में रहते हुए विदेशी सरजमीं पर कदम रखने के भी कुछ कायदे-कानून होते हैं। वीडियो जैसे ही वायरल हुआ, बात नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के कानों तक जा पहुंची। जब प्रशासनिक रिकॉर्ड खंगाले गए, तो एक और बड़ा खुलासा हुआ कि भवन अधिकारी ने इस विदेश यात्रा के लिए निगम प्रशासन या सक्षम प्राधिकारी से कोई औपचारिक अनुमति ही नहीं ली थी।

अब निगमायुक्त की रडार पर ‘साहब’

बिना पूर्व अनुमति के देश की सीमा लांघने और आचरण संहिता के उल्लंघन को नगर निगम आयुक्त ने बेहद गंभीरता से लिया है। निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने साफ कर दिया है कि बिना विभागीय स्वीकृति के विदेश जाना गंभीर अनुशासनहीनता के दायरे में आता है। अब निगम प्रशासन इस पूरे मामले में भवन अधिकारी राजकुमार राठौर के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई और नोटिस थमाने की तैयारी में जुट गया है। जाहिर है, थाईलैंड में मगरमच्छ का पहला निवाला चखने का यह रोमांच अब अधिकारी महोदय की सर्विस बुक पर भारी पड़ने वाला है।

Youthwings