कानपुर में योगी ने किसे कहा ‘छोटे मियां-बड़े मियां’? घुसपैठियों से लेकर अयोध्या तक विपक्ष पर बरसे

कानपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर में आयोजित एक जनसभा के दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा सियासी हमला बोला। महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में बिठूर स्थित वाल्मीकि आश्रम में पूजा-अर्चना के बाद नाना राव पेशवा पार्क में 411 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करते हुए उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लिया। मुख्यमंत्री ने बिना सीधा नाम लिए राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘छोटे मियां और बड़े मियां’ की संज्ञा दी।
‘छोटे मियां और बड़े मियां को घुसपैठियों से प्यार’
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष की कार्यशैली पर कड़े प्रहार किए। उन्होंने कहा कि देश में इस समय दो मियां हैं—एक छोटे मियां और एक बड़े मियां, और दोनों को ही घुसपैठियों से गहरा प्रेम है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ये नेता बांग्लादेशी घुसपैठियों को गले लगाते हैं, जबकि देश के दलितों, वंचितों, गरीबों, किसानों और युवाओं का अपमान करते हैं। जो लोग दंगाइयों के साथी रहे हों और जिन्होंने प्रदेश को अंधेरे में रखकर अराजकता फैलाई हो, वे कभी विकास नहीं करा सकते।
पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यशैली और अयोध्या की उपेक्षा पर वार
सीएम योगी ने पूर्ववर्ती सपा और कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल को याद दिलाते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद इन दलों ने केवल अव्यवस्था फैलाई। उन्होंने कहा कि पहले अयोध्या में बुनियादी सुविधाएं तक नहीं थीं, सड़कें खस्ताहाल थीं और बिजली गायब रहती थी। जब मौजूदा सरकार ने अयोध्या और अन्य धार्मिक स्थलों के कायाकल्प की योजनाएं बनाईं, तो विपक्ष ने उसमें अड़ंगे लगाने का काम किया। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले जहां 20 श्रद्धालु भी एक साथ दर्शन नहीं कर सकते थे, आज वहां 20,000 लोग सुगमता से दर्शन कर रहे हैं।
धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के विकास का संकल्प
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विकास का खाका खींचते हुए कहा कि अयोध्या को पुनः त्रेता युग के वैभव की ओर ले जाया जाएगा। इसके साथ ही मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज महाकुंभ, मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर, शुकतीर्थ, नैमिषारण्य और बिठूर के सर्वांगीण विकास पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने घोषणा की कि सरकार ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, सद्गुरु रविदास महाराज और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े प्रदेश भर के करीब 4,000 स्थलों की बाउंड्री वॉल, सुरक्षा, कैनोपी और सौंदर्यीकरण कराने की विस्तृत योजना शुरू की है।
