MP में GST अधिकारी की करोड़ों की संपत्ति उजागर, जबलपुर, भोपाल और सागर में मिले जमीन-मकान के दस्तावेज

जबलपुर। मध्य प्रदेश के दमोह में पदस्थ वाणिज्यिक कर विभाग के अधिकारी मनीष कुमार जैन के ठिकानों पर मंगलवार तड़के लोकायुक्त पुलिस ने बड़ा छापा मारा। जबलपुर और भोपाल स्थित परिसरों में एक साथ दी गई इस दबिश में अधिकारी के पास वैध स्रोतों से 264 प्रतिशत अधिक अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। लोकायुक्त की प्राथमिक वित्तीय गणना के अनुसार अधिकारी की अनुमानित वैध आय 1.03 करोड़ रुपये के मुकाबले लगभग 3.78 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति उजागर हुई है।

तीन शहरों में फैली बेनामी जमीनें, फ्लैट और लक्जरी वाहन

छापेमारी के दौरान जांच अधिकारियों को यह जानकारी मिली है कि आरोपी अधिकारी ने अपने और परिजनों के नाम पर मध्य प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में बड़े पैमाने पर निवेश कर रखा है। जबलपुर, भोपाल और सागर जिले में कई भूखंड, आलीशान आवासीय मकान, लक्जरी फ्लैट, चार पहिया वाहन तथा भारी रकम वाली विभिन्न वित्तीय व बीमा पॉलिसियों के दस्तावेज बरामद किए गए हैं। लोकायुक्त के वित्तीय विशेषज्ञ इन संपत्तियों की रजिस्ट्री, बैंक खातों और निवेश से जुड़े मूल अभिलेखों की सूक्ष्मता से पड़ताल कर रहे हैं।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटले को मनीष कुमार जैन द्वारा पद के दुरुपयोग और अवैध संपत्ति जुटाने के संबंध में गोपनीय शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया से शिकायत का प्राथमिक सत्यापन कराया गया। आरोपों की पुष्टि होने के बाद आरोपी अधिकारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (यथा संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया।

तीन अलग-अलग टीमों की तलाशी जारी

यह पूरी कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में योजनाबद्ध तरीके से संचालित की जा रही है। लोकायुक्त की तीन स्वतंत्र टीमें संबंधित ठिकानों पर डेरा डाले हुए हैं और चल-अचल संपत्तियों के मूल्यांकन में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में तलाशी और जब्ती की कार्यवाही जारी है तथा बैंक लॉकरों व खातों की पड़ताल पूरी होने के बाद अनुपातहीन संपत्ति का यह आंकड़ा और अधिक बढ़ने की पूरी संभावना है।

Youthwings