राहुल गांधी के काफिले का एक्सप्रेसवे पर एक्सीडेंट! अचानक ब्रेक लगने से भिड़ीं 4 गाड़ियां और एंबुलेंस

सुल्तानपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां सोमवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। लखनऊ से सुल्तानपुर कोर्ट में मानहानि मामले की सुनवाई के लिए जा रहे राहुल गांधी इस हादसे में पूरी तरह सुरक्षित हैं, जबकि उनके साथ चल रहे कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं।

अचानक ब्रेक लगने से टकराईं काफिले की चार गाड़ियां

हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 89.5 के पास हालियापुर क्षेत्र में हुआ। काफिले में आगे चल रहे वाहन द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण पीछे चल रही चार गाड़ियां और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गईं। अचानक हुई इस टक्कर से वाहनों को नुकसान पहुंचा और उसमें सवार पार्टी कार्यकर्ताओं को चोटें आईं।

समय पर सुल्तानपुर पहुंचे राहुल गांधी, समर्थकों ने किया स्वागत

हादसे के बावजूद राहुल गांधी तय समय पर सुल्तानपुर पहुंच गए। शहर में पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। समर्थकों ने राहुल गांधी पर फूल-मालाएं बरसाईं और पार्टी के पक्ष में जोरदार नारेबाजी की, जिसके बाद वे अदालत में पेशी के लिए रवाना हो गए।

Youthwings