iPhone Fold Design Leak: ऑल-ब्लैक कैमरा प्लेट्यू के साथ आएगा Apple का सबसे प्रीमियम फोल्डेबल फोन
iPhone Fold Design Leak: Apple का पहला फोल्डेबल iPhone, जिसे iPhone Fold कहा जा रहा है, लंबे समय से चर्चा में बना हुआ है। हाल के दिनों में इसके फीचर्स और हार्डवेयर से जुड़ी कई जानकारियां सामने आ चुकी हैं। अब एक नए लीक में iPhone Fold के डिजाइन को लेकर अहम खुलासा हुआ है, जिसमें कैमरा मॉड्यूल और बटन प्लेसमेंट में बड़े बदलाव नजर आ सकते हैं।
ऑल-ब्लैक कैमरा प्लेट्यू देगा अलग पहचान
लीक रिपोर्ट्स के अनुसार, iPhone Fold में कैमरा डिजाइन मौजूदा iPhone मॉडल्स से बिल्कुल अलग हो सकता है। इसमें iPhone Air जैसे कैमरा प्लेट्यू का इस्तेमाल किया जाएगा, लेकिन यह बॉडी कलर से मैच करने के बजाय पूरी तरह ब्लैक कलर में हो सकता है।
इस कैमरा प्लेट्यू में दो कैमरे एक सीधी लाइन में दिए जा सकते हैं, जिनके साथ माइक्रोफोन और LED फ्लैश भी मौजूद होगा। यह डिजाइन iPad Pro के कैमरा लेआउट से मिलता-जुलता बताया जा रहा है और iPhone Fold को एक यूनिक लुक दे सकता है।
लॉन्च के समय सीमित कलर ऑप्शन
रिपोर्ट्स की मानें तो iPhone Fold की शुरुआत सीमित रंगों के साथ की जा सकती है। व्हाइट कलर को लॉन्च के लिए लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि Apple की रणनीति को देखते हुए एक अतिरिक्त कलर वेरिएंट भी पेश किया जा सकता है।
बदला हुआ बटन प्लेसमेंट
iPhone Fold में बटन लेआउट भी पारंपरिक iPhone से अलग हो सकता है। वॉल्यूम बटन को ऊपर की तरफ शिफ्ट किया जा सकता है, ठीक iPad mini की तरह। वहीं, पावर बटन में दिया जाने वाला Touch ID और कैमरा कंट्रोल बटन दाईं ओर ही मौजूद रहेंगे।
फोन का बायां हिस्सा पूरी तरह साफ रखा जा सकता है, जिससे डिवाइस का लुक ज्यादा मिनिमल और प्रीमियम दिखाई देगा।
छोटा Dynamic Island, Face ID नहीं
लीक में यह भी दावा किया गया है कि iPhone Fold में छोटा Dynamic Island देखने को मिल सकता है। फ्रंट कैमरे के लिए सिंगल पंच-होल डिजाइन अपनाया जा सकता है। मोटाई कम रखने के लिए Face ID की जगह Touch ID को प्राथमिकता दी जा सकती है।
iPhone Fold के संभावित फीचर्स
अब तक सामने आई जानकारियों के मुताबिक, iPhone Fold में 7.8 इंच की क्रीज-लेस OLED इनर डिस्प्ले दी जा सकती है। वहीं, बाहर की स्क्रीन करीब 5.5 इंच की होगी, जो अब तक के iPhone मॉडल्स में सबसे छोटी डिस्प्ले मानी जा रही है।
परफॉर्मेंस के लिए इसमें Apple का आने वाला A20 Pro चिपसेट दिया जा सकता है। कैमरा सेटअप की बात करें तो फोन में कुल चार कैमरे मिलने की संभावना है।
लॉन्च टाइमलाइन और कीमत
रिपोर्ट्स के अनुसार, iPhone Fold को सितंबर 2026 में iPhone 18 Pro सीरीज के साथ लॉन्च किया जा सकता है। कीमत की बात करें तो अमेरिका में इसकी कीमत करीब 2400 डॉलर तक हो सकती है, जिससे भारतीय बाजार में यह अल्ट्रा-प्रीमियम स्मार्टफोन की कैटेगरी में शामिल हो जाएगा।
