अहमदाबाद इन्वेस्टर कनेक्ट मीट : छत्तीसगढ़ को मिला 33 हजार करोड़ का निवेश प्रस्ताव,10,500 से ज्यादा रोजगार के अवसर

अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को लगभग 33 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन निवेशों से राज्य में 10,532 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर देश की प्रमुख कंपनियों को इन्वेस्टमेंट लेटर्स सौंपे।

निवेशकों के साथ संवाद, उद्योग के नए रास्ते खुले

मुख्यमंत्री ने गुजरात के उद्योगपतियों और बिजनेस लीडर्स से राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि गुजरात की तरह अब छत्तीसगढ़ भी निवेश और नवाचार की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। “गुजरात के पास उद्यमशीलता है और छत्तीसगढ़ के पास ऊर्जा व संसाधन—दोनों मिलकर विकसित भारत की दिशा तय करेंगे।”

औद्योगिक सुधारों से निवेश हुआ आसान

सरकार ने पिछले 22 महीनों में 350 से अधिक सुधार लागू किए हैं, जिससे उद्योग स्थापित करना आसान हुआ है।
सिंगल विंडो सिस्टम से अब सभी आवश्यक अनुमतियां तेजी से जारी की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति में निवेशकों को विशेष प्रोत्साहन और अनुदान दिए जा रहे हैं।
विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा क्षेत्र में उद्योग लगाने पर अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

छत्तीसगढ़: ऊर्जा और खनिज संपदा का केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ कोयला उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है और हाल ही में एनर्जी समिट में 3.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
राज्य में थर्मल, सोलर, हाइडल और वन आधारित उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने बताया कि नवा रायपुर को आईटी और डेटा सेंटर हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों ने निवेश रुचि दिखाई है।

इन कंपनियों ने दिए निवेश प्रस्ताव

लीजियम लाइफ साइंसेस प्रा. लि. – ₹101 करोड़ का निवेश, 750 रोजगार।

टोरेंट पावर लि. – ₹22,900 करोड़ में 1600 मेगावाट थर्मल प्लांट, 5000 रोजगार।

टोरेंट फार्मास्युटिकल लि. – ₹200 करोड़ का निवेश, 200 रोजगार।

ओनिक्स थ्री एनर्सोल प्रा. लि. – ₹9,000 करोड़ निवेश से ग्रीन हाइड्रोजन, अमोनिया और स्टील प्लांट, 4,082 रोजगार।

माला क्रिएशन प्रा. लि. – ₹700 करोड़ निवेश से सोलर सेल यूनिट, 500 रोजगार।

मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल – ₹300 करोड़ निवेश से स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार।

सफायर सेमीकॉम प्रा. लि. – ₹120 करोड़ से सेमीकंडक्टर यूनिट, 4000 रोजगार सृजन।

वरिष्ठ अधिकारी भी रहे शामिल

इस कार्यक्रम में सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, उद्योग सचिव रजत कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, और सीएसआईडीसी प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Youthwings