Modi Cabinet Decisions: मोदी कैबिनेट के बड़े फैसले, दिवाली-छठ पर चलेंगी 12 हजार स्पेशल ट्रेनें, चार नए रेल रूट को मंजूरी
Modi Cabinet Decisions
Modi Cabinet Decisions: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में मंगलवार को कई अहम फैसले लिए गए। इन फैसलों का सीधा असर आम जनता और यात्रियों पर पड़ेगा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी कि इस बार दिवाली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए 12 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके साथ ही, देश के चार राज्यों में चार नए रेलवे रूट को भी मंजूरी दी गई है।
24,634 करोड़ रुपये की लागत से 4 बड़े रेलवे प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी
कैबिनेट ने 24,634 करोड़ रुपये की लागत वाले चार प्रमुख रेलवे प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी है। इन परियोजनाओं के तहत महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात और छत्तीसगढ़ के 18 जिलों को जोड़ा जाएगा। परियोजनाओं के पूरा होने के बाद रेलवे नेटवर्क में 894 किलोमीटर की वृद्धि होगी, जिससे यात्रा और माल परिवहन दोनों को लाभ मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने बताया कि यह परियोजनाएं न केवल यात्रा को सुगम बनाएंगी बल्कि पर्यटन, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगी। इनसे लगभग 3,633 गांवों की आबादी (लगभग 85.84 लाख लोग) को सीधा लाभ मिलेगा। इनमें दो आकांक्षी जिले — विदिशा (मध्य प्रदेश) और राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) भी शामिल हैं।
इन चार परियोजनाओं को मिली स्वीकृति
- वर्धा – भुसावल (महाराष्ट्र) : तीसरी और चौथी लाइन (314 किलोमीटर)
- लागत : 9,197 करोड़ रुपये
- इसमें 4 बड़े पुल, 72 मध्यम पुल और 537 छोटे पुल शामिल होंगे।
- यह कॉरिडोर देश के छह राज्यों को जोड़ेगा।
- गोंदिया – डोंगरगढ़ (महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़) : चौथी लाइन (84 किलोमीटर)
- लागत : 2,223 करोड़ रुपये
- इस परियोजना से हर साल लगभग 23 करोड़ किलो कार्बन डाइऑक्साइड की बचत होगी।
- यह लाइन माल और यात्री दोनों यातायात को तेज करेगी।
- वडोदरा – रतलाम (गुजरात, मध्य प्रदेश) : तीसरी और चौथी लाइन (259 किलोमीटर)
- इससे पश्चिम भारत की औद्योगिक और पर्यटक कनेक्टिविटी को बल मिलेगा।
- इटारसी – भोपाल – बीना (मध्य प्रदेश) : चौथी लाइन (237 किलोमीटर)
- यह परियोजना मध्य भारत के सबसे व्यस्त रेल खंडों में से एक को राहत देगी।
यात्रियों के लिए दिवाली और छठ पर खुशखबरी
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि दिवाली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 12,000 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। यह पहल देशभर के यात्रियों को बिना परेशानी यात्रा करने की सुविधा देगी। रेलवे की ओर से बुकिंग की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
कैबिनेट के फैसले से नए अवसरों के द्वार खुलेंगे
इन परियोजनाओं से जहां रेलवे की परिवहन क्षमता बढ़ेगी, वहीं ऊर्जा की खपत कम होगी और हरित विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। मोदी सरकार का यह फैसला न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा बल्कि “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में भी अहम कदम साबित होगा।
