Vinod Tiwari Arrest: छत्तीसगढ़ कांग्रेस को झटका, नेता विनोद तिवारी गिरफ्तार
रायपुर। Vinod Tiwari Arrest: छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार रहे विनोद तिवारी को बुधवार को रायपुर न्यायालय ने जेल भेज दिया। दो वर्ष पुराने एक राजनीतिक मामले में गैर-जमानती धाराओं के तहत दर्ज प्रकरण में जमानत की मांग लेकर तिवारी अदालत पहुंचे थे, लेकिन कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी।
न्यायालय में हुई सुनवाई के दौरान जमानत पर विस्तार से बहस हुई, जिसके बाद अदालत ने विनोद तिवारी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया। यह मामला दो साल पहले हुए एक राजनीतिक प्रदर्शन से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें कानून-व्यवस्था भंग करने और प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना के आरोप लगे थे। इसी कारण उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराएं लगाई गई थीं।
अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने विनोद तिवारी को हिरासत में लेकर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया। उनकी गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने की खबर सामने आते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में हलचल मच गई। पार्टी नेताओं ने इस कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं।
