बिलासपुर रेल मंडल में सिग्नल ओवरशूट से 9 वैगन डिरेल, जांच शुरू

9 वैगन डिरेल

9 वैगन डिरेल

बिलासपुर रेल मंडल में एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सिग्नल ओवरशूट की घटना के चलते एक मालगाड़ी के 9 वैगन पटरी से उतर गए। घटना के बाद संबंधित विभाग ने जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है।

40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पर चल रही थी ट्रेन

प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि घटना के समय ट्रेन की गति लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटा थी। चालक का कहना है कि इंजन या मालगाड़ी में किसी तरह की तकनीकी खराबी की पूर्व जानकारी नहीं थी। अचानक बीपी प्रेशर ड्रॉप होने के कारण ट्रेन रात 2 बजकर 52 मिनट पर रुक गई।

जानकारी के मुताबिक 26 फरवरी को चालक प्रमोद कुमार और सहायक चालक महाकेश मीणा बिजूरी से खाली एन बॉक्स मालगाड़ी लेकर रवाना हुए थे। सोनपुर स्टेशन पार करने के बाद यह हादसा हुआ।

9 वैगन पटरी से उतरे

ट्रेन के अचानक रुकने के बाद सहायक चालक को जांच के लिए भेजा गया। निरीक्षण में पाया गया कि इंजन से जुड़े 13वें से 19वें वैगन तक और ब्रेकवैन से दूसरे व तीसरे वैगन समेत कुल 9 डिब्बे पटरी से उतर गए थे।

रेलवे सिस्टम पर फिर उठे सवाल

बिलासपुर रेल मंडल में डिरेलमेंट और ट्रेनों के बीच टक्कर की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऑटोमेटिक सिग्नलिंग सिस्टम लागू होने के बावजूद ऐसी घटनाएं रुक नहीं पा रही हैं। सीआरएस (कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी) द्वारा भी मंडल के सिस्टम पर पहले सवाल उठाए जा चुके हैं, लेकिन सुधार की दिशा में ठोस कदम नजर नहीं आ रहे हैं। फिलहाल विभागीय अधिकारी मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही जिम्मेदारी तय कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

read more : शराब के नशे में स्कूल पहुंचे शिक्षक निलंबित, वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई

Youthwings