सपना चौधरी ने सुनाई डरावनी घटना, 35 केस और कई शहरों में बैन होने का खुलासा

हरियाणवी डांसर सपना चौधरी इन दिनों रियलिटी शो The 50 में नजर आ रही हैं। हाल ही में शो के दौरान उन्होंने शिव ठाकरे से बातचीत में अपने करियर और जिंदगी के कठिन दौर को याद किया।

 

सपना चौधरी ने बताया कि उनके ऊपर अब तक 35 केस दर्ज हैं और कुछ इलाकों में उनके डांस शो पर प्रतिबंध लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि कई बार उनके कार्यक्रमों में भगदड़ मच जाती थी, कुर्सियां फेंकी जाती थीं, जिसके चलते उन पर मामले दर्ज हुए। उन्होंने बताया कि बापत, बड़ौत और मेरठ जैसे कुछ क्षेत्रों में उनके नाम से शो की अनुमति नहीं मिलती।

 

सपना ने कहा कि 2018 के बाद उन्होंने बड़े शो करने शुरू किए और बाद में वे बिग बॉस का भी हिस्सा बनीं। लेकिन इससे पहले का समय उनके लिए काफी संघर्षपूर्ण रहा।

 

बातचीत के दौरान उन्होंने एक डरावनी घटना का जिक्र किया। सपना ने बताया कि आर्थिक तंगी के दौर में उन्होंने बिना पूरी जानकारी लिए एक कार्यक्रम के लिए हां कर दी। शाम को वे अपनी मां के साथ फार्महाउस पहुंचे, जहां 25-25 टेबल सजे थे और लगभग हर टेबल पर खुलेआम हथियार रखे थे। वहां मौजूद लोग उन्हें गैंगस्टर जैसे लगे।

 

सपना के मुताबिक, परफॉर्मेंस के दौरान एक शख्स बार-बार उनके पास आकर कुछ कहता रहा। जब उनकी मां ने वहां से जाने की कोशिश की तो आयोजकों ने डांस करने का दबाव बनाया। डर के माहौल में सपना ने परफॉर्म किया। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनके गाल पर जबरन किस कर दिया, जिसके बाद वे बैकस्टेज चली गईं और साफ कहा कि अब वे यह सब नहीं करेंगी।

 

उन्होंने बताया कि उनकी मां ने आयोजकों से कड़ा विरोध जताया और दोनों किसी तरह वहां से निकलकर घर लौट आईं। सपना ने कहा कि उस वक्त उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा था।

Youthwings