Fire Incident in Raipur: दर्दनाक हादसा, घर में लगी आग में जिंदा जला बुजुर्ग, फायर ब्रिगेड की देरी पर उठे सवाल
Fire Incident in Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टाटीबंध इलाके में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 65 वर्षीय राजकुमार गुप्ता की घर में लगी भीषण आग के कारण मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सुबह करीब 8 बजे उनके मकान में अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के वक्त राजकुमार गुप्ता घर में अकेले थे। उनका बेटा और बहू रोज़मर्रा के काम से बाहर गए हुए थे और घर में ताला लगा हुआ था। आग इतनी तेजी से फैली कि बुजुर्ग को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला और वे घर के अंदर ही जिंदा जल गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम करीब एक घंटे की देरी से घटनास्थल पर पहुंची। इस देरी को लेकर स्थानीय रहवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि अगर फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो शायद बुजुर्ग की जान बचाई जा सकती थी।
ग्रामीणों और पड़ोसियों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि टाटीबंध इलाके में कई मकान लकड़ी और जर्जर सामग्री से बने हुए हैं, जिससे आग तेजी से फैलती है। ऐसे में फायर ब्रिगेड की तत्परता बेहद जरूरी है, लेकिन इस मामले में घोर लापरवाही सामने आई है।
आग लगने के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सील कर दिया है। FSL टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और घर में जले सामान व आग के निशानों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आग अचानक और बहुत तेजी से फैली, जिससे बुजुर्ग बाहर नहीं निकल पाए।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन ने आसपास के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
