गरियाबंद अश्लील डांस मामला: PCC अध्यक्ष दीपक बैज का BJP पर हमला, बोले- छत्तीसगढ़ की संस्कृति बर्बाद कर रही सरकार
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सामने आए अश्लील डांस के वीडियो के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने भारतीय जनता पार्टी और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।
दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में इस स्तर का अश्लील डांस पहले कभी देखने को नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस पूरे मामले में मूकदर्शक बनी हुई है, जबकि भाजपा के नेता इस तरह के आयोजनों का आनंद ले रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के मंत्री इस अश्लील डांस को “कला” बताकर उसका बचाव कर रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
पीसीसी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक मूल्यों को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय सरकार की चुप्पी यह दर्शाती है कि वह जानबूझकर छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बर्बाद करना चाहती है।
परिवारवाद के आरोपों पर पलटवार
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा कांग्रेस पर लगाए गए परिवारवाद और वंशवाद के आरोपों पर भी दीपक बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर परिवारवाद की सूची बनाई जाए, तो कांग्रेस की तुलना में भाजपा में कहीं ज्यादा परिवारवाद देखने को मिलेगा। दीपक बैज ने दावा किया कि देश और प्रदेश में परिवारवाद सबसे अधिक भारतीय जनता पार्टी के भीतर है।
