शिक्षक दिवस पर 68 शिक्षकों का होगा सम्मान, 4 शिक्षकों को मिलेगा विशेष स्मृति पुरस्कार; ₹50 हजार की राशि
रायपुर। बच्चों को सिर्फ किताबों तक सीमित न रखकर शिक्षा में नए प्रयोग करने और बेहतर परिणाम देने वाले शिक्षकों को शिक्षक दिवस पर राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। 5 सितंबर को छत्तीसगढ़ के 68 शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान प्रदान किया जाएगा। वहीं इनमें से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार शिक्षकों को विशेष स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
राज्य स्तरीय सम्मान समारोह रायपुर के लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में सुबह 11 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्कूल शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में शिक्षकों को सम्मान दिया जाएगा।
प्रदेश के कई जिलों के शिक्षक सूची में शामिल
राज्य शिक्षक सम्मान के लिए छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों से शिक्षकों का चयन किया गया है। चयनित शिक्षकों में स्कूलों के प्राचार्य, प्रधान पाठक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक सहित शिक्षा विभाग की विभिन्न श्रेणियों के शिक्षक शामिल हैं।
रायपुर, धमतरी, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, सरगुजा, बस्तर, दंतेवाड़ा, जशपुर और कोरबा समेत कई जिलों के शिक्षक इस राज्य स्तरीय सम्मान का हिस्सा बनेंगे।
चार शिक्षकों को मिलेगा स्मृति पुरस्कार
राज्य शिक्षक सम्मान के साथ चार शिक्षकों को विशेष राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार भी दिया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करने और नए प्रयोगों के लिए खैरागढ़ के राजेश, कोरबा के कामता, दुर्ग की प्रज्ञा और सारंगढ़ की प्रियंका का चयन किया गया है।
सरकार की ओर से यह पुरस्कार प्रदेश के चार प्रमुख साहित्यकारों और विद्वानों की स्मृति में प्रदान किया जाता है। इनमें डॉ. पदुमलाल पन्नालाल बख्शी, गजानन माधव मुक्तिबोध, डॉ. मुकुटधर पांडेय और बलदेव प्रसाद मिश्र के नाम शामिल हैं। प्रत्येक चयनित शिक्षक को 50 हजार रुपये की सम्मान राशि के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
READ MORE: दूध हुआ महंगा: 10 रुपये तक बढ़े दाम, नई कीमत लागू
सम्मान समारोह से पहले होगी रिहर्सल
समारोह में शामिल होने वाले चयनित शिक्षकों को 4 सितंबर की सुबह 8 बजे तक SCERT शंकर नगर स्थित गेस्ट हाउस में पहुंचना होगा। इसके बाद उसी दिन सुबह 11 बजे छत्तीसगढ़ मंडपम में कार्यक्रम की रिहर्सल कराई जाएगी।
शिक्षा विभाग ने सभी चयनित शिक्षकों के लिए रिहर्सल में उपस्थित रहना अनिवार्य किया है, ताकि मुख्य समारोह की व्यवस्थाएं निर्धारित समय के अनुसार पूरी की जा सकें।
परिजनों के लिए नहीं होगी ठहरने की व्यवस्था
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सम्मानित होने वाले शिक्षकों के साथ आने वाले परिजनों और अन्य लोगों के ठहरने की व्यवस्था विभाग की ओर से नहीं की जाएगी। इसके अलावा परिजनों या अन्य साथ आए लोगों को लोकभवन परिसर में प्रवेश की अनुमति भी नहीं होगी।
शिक्षकों को ड्रेस कोड का पालन करने के निर्देश
शिक्षा विभाग ने सम्मान समारोह में शामिल होने वाले शिक्षकों से 4 और 5 सितंबर को शालीन पोशाक में आने के लिए कहा है। विभाग की ओर से कार्यक्रम की गरिमा को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं।
शिक्षक दिवस पर मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान
5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह समारोह शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान का अवसर होगा। राज्य स्तर पर चयनित शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ ही नवाचार और उल्लेखनीय कार्य करने वाले चार शिक्षकों को विशेष स्मृति पुरस्कार देकर उनके योगदान को प्रोत्साहित किया जाएगा।
