होली के बाद भी स्कूल में ताला, शिक्षक नहीं पहुंचे तो घंटों इंतजार करते रहे बच्चे

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सरकारी शिक्षकों की लापरवाही और कर्तव्य के प्रति उदासीनता का मामला सामने आया है। होली का अवकाश खत्म होने के बाद गुरुवार को शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचे। बच्चों को भी किसी शिक्षक के आने की जानकारी नहीं दी गई, जिसके चलते स्कूल के गेट में ताला लटका रहा और बच्चे बाहर इंतजार करते रहे। करीब चार घंटे तक इंतजार करने के बाद बच्चे घर वापस लौट गए। शिक्षकों द्वारा स्कूल में अघोषित छुट्टी किए जाने की अब क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

 

पूरा मामला सूरजपुर जिले के भैय्याथान ब्लॉक के बैजनाथपुर संकुल केंद्र अंतर्गत सांरासांव शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला का है। होली के दूसरे दिन बच्चे पढ़ाई के लिए स्कूल पहुंचे थे। स्कूल का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक था, लेकिन स्कूल के गेट पर ताला लगा हुआ था और कोई भी शिक्षक नहीं पहुंचा। बच्चे बस्ता लेकर स्कूल के बाहर बैठकर शिक्षकों का इंतजार करते रहे। दोपहर दो बजे तक शिक्षक नहीं पहुंचे तो बच्चे धूप में इंतजार करने के बाद वापस घर लौट गए। जानकारी के अनुसार उस दिन कुल 15 बच्चे स्कूल पहुंचे थे।

 

स्थानीय निवासी नेहा सिंह ने शिक्षकों के स्कूल नहीं आने और स्कूल बंद होने की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को दी। इसके साथ ही उन्होंने कलेक्टर एस जयवर्धने से भी शिकायत की। स्कूल के रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि स्कूल में पांच शिक्षक पदस्थ हैं। आश्चर्य की बात यह है कि सभी शिक्षकों ने एक साथ आकस्मिक अवकाश के लिए आवेदन दे दिया था, लेकिन किसी का भी अवकाश स्वीकृत नहीं हुआ था।

 

जानकारी के अनुसार स्कूल के प्रधान पाठक संजय गुप्ता पिछले कई वर्षों से अनियमित रूप से अनुपस्थित रहते हैं। शिकायत के बाद कुछ समय तक वे नियमित रूप से स्कूल आए, लेकिन फिर से उनकी अनुपस्थिति बढ़ गई। वहीं शिक्षिका प्रीति टोप्पो और ईशा खलको ने मुख्यालय से बाहर जाने की अनुमति मांगते हुए एक दिन का ऐच्छिक अवकाश मांगा था। शिक्षक रमेश कुमार चेस्कर ने घरेलू कार्य के लिए दो दिन का अवकाश आवेदन दिया था, जबकि शिक्षक अजीत कुमार चंद्रा ने बच्चे को टीका लगवाने के लिए अंबिकापुर जाने के लिए एक दिन की छुट्टी मांगी थी।

 

दोपहर तक इंतजार करने के बाद बच्चे वापस घर चले गए और बाद में होली खेलने लगे। मामले की जानकारी मिलने पर कलेक्टर एस जयवर्धने ने जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Youthwings